सिलीगुड़ी

ट्रेन से शराब ले जाते 2 गिरफ्तार।

सिलीगुड़ी जंक्शन के प्लेटफॉर्म-3 पर GRP की कार्रवाई, 60 बीयर कैन बरामद

Khodija Khatun (Rabia)

सिलीगुड़ी : बिहार में ट्रेन के जरिए कथित रूप से अवैध शराब पहुंचाने की कोशिश को सिलीगुड़ी जंक्शन जीआरपी ने नाकाम कर दिया। सोमवार रात प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। उनके पास मौजूद ट्रॉली बैग की तलाशी लेने पर 60 कैन बीयर बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बिहार के कटिहार निवासी विशाल कुमार (26) और राजगंज के फाटापुकुर निवासी गौतम राय (42) के रूप में हुई है।जीआरपी सूत्रों के अनुसार, सोमवार रात प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर शराब ले जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के आधार पर जीआरपी की टीम ने प्लेटफॉर्म पर निगरानी शुरू की। इसी दौरान पुलिस की नजर दो संदिग्ध युवकों पर पड़ी। दोनों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोककर पूछताछ की।

इसके बाद दोनों के ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैग के अंदर से बीयर के कुल 60 कैन बरामद किए गए। पुलिस ने शराब जब्त कर दोनों को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर शराब को ट्रेन के जरिए बिहार ले जाने की योजना की बात स्वीकार की। इसके बाद जीआरपी ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद शराब कहां से लाई गई थी और इसे बिहार में किसे पहुंचाया जाना था। मामले में आरोपितों से पूछताछ के आधार पर आगे की जांच की जा रही है।दोनों आरोपितों को मंगलवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। पुलिस की ओर से मामले की जांच जारी है।

SCROLL FOR NEXT