सिलीगुड़ी ः केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा बंगाल की उपेक्षा किए जाने, भाजपा द्वार बंगाल को बदनाम किए जाने और देश के भाजपा शासित राज्यों में बांग्ला भाषी बंगालियों को प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए इसके विरुद्ध तृणमूल कांग्रेस का आंदोलन जारी है। इस कड़ी में तृणमूल कांग्रेस की डाबग्राम-फूलबाड़ी ब्लॉक कमेटी की ओर से बुधवार को फूलबाड़ी इलाके में प्रतिवाद रैली निकाली गई। इसके साथ ही प्रतिवाद सभा भी की गई।
इस अवसर पर तृणमूल कांग्रेस नेता व सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देव ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में वहां के शासन-प्रशासन द्वारा बांग्ला भाषा बोलने वाले बंगालियों को बांग्लादेशी कहकर उन पर हमला किया जा रहा है। उन्हें घर से निकाला जा रहा है, उन्हें पीटा जा रहा है। उन्हें जेल में भेजा जा रहा है। यह भाजपा की विभाजन की राजनीति और सांप्रदायिकता की नीति है जो जाति-धर्म-भाषा के नाम पर लोगों को बांटना चाहती है ताकि भाजपा सरकार की जन-विरोधी नीतियों के खिलाफ जनता लामबद्ध न हो पाए। जबकि, देश के संविधान ने सभी देशवासियों को पूरे देश में कहीं भी जाने, रहने और बसने का अधिकार दिया है। रोटी-रोजगार के लिए लोग एक जगह से दूसरी जगह, एक राज्य से दूसरे राज्य, एक देश से दूसरे देश जाते हैं। इसका मतलब यह नहीं है कि सरकार उन पर हमला करे और हमारे देश में ही हमारे देश के लोगों पर यह हमला अत्यंत निंदनीय है। यह भाषाई विद्वेष अविलंब बंद हो।
वहीं, उन्होंने विशेष मतदाता गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की कवायद की भी तीखी आलोचना करते हुए कहा कि इसके नाम पर केंद्र की भाजपा सरकार विपक्षी दलों के लोगों के नाम मतदाता सूची से हटवा दे रही है। इसके साथ ही फर्जी रूप में अपने अन्य जगहों के अपने समर्थकों के नाम अन्य जगहों की मतदाता सूची में दर्ज करवा दे रही है। वोट की चोरी कर लोगों के वोट के अधिकार छीनने को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके खिलाफ तृणमूल कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।
इस दिन प्रतिवाद रैली में तृणमूल कांग्रेस नेता व सिलीगुड़ी के डिप्टी मेयर रंजन सरकार, डाबग्राम-फूलबाड़ी (ग्रामीण) ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष दिलीप राय व अन्य सैकड़ाें कार्यकर्ता, समर्थक सम्मिलित हुए।