नागराकाटा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत विभिन्न समुदायों के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में आदिवासी समाजकर्मी हेमंत कुजूर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को डुआर्स के मेटेली थाने की पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया। बताया गया है कि पिछले कुछ दिनों के दौरान हेमंत कुजूर के खिलाफ डुआर्स के बानरहाट, मेटेली और कालचीनी समेत कई थानों में विभिन्न लोगों और समुदायों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। शुक्रवार को मेटेली ब्लॉक के सातखैया इलाके स्थित उनके आवास से पुलिस ने हेमंत कुजूर को गिरफ्तार किया। विभिन्न सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, वह पिछले कुछ दिनों से अपने सोशल मीडिया पेज के माध्यम से प्रधानमंत्री समेत विभिन्न समुदायों को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे थे। इसे लेकर स्थानीय स्तर पर नाराजगी देखी गई और उनके खिलाफ कई थानों में लिखित शिकायतें दर्ज कराई गईं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर मेटेली थाने की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।