इस्लामपुर : मशरूम की खेती के साथ इससे तैयार होने वाले वैल्यू-एडेड उत्पादों के जरिए आय बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को चोपड़ा में एक दिवसीय एक्सपोजर कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्तर दिनाजपुर कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में 30 प्रशिक्षुओं ने हिस्सा लिया।यह कार्यक्रम नाबार्ड, उत्तर दिनाजपुर और दासपाड़ा नबादिशा एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी की पहल पर आयोजित 12 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का हिस्सा था।
प्रशिक्षण के समापन पर प्रतिभागियों को कृषि विज्ञान केंद्र ले जाया गया, जहां मशरूम से विभिन्न उत्पाद तैयार करने की प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उत्पाद निर्माण, प्रसंस्करण, संरक्षण और विपणन के विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया गया। कृषि विज्ञान केंद्र की विशेषज्ञ डॉ. अंजलि शर्मा और प्रोसेनजीत ने प्रशिक्षुओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इस अवसर पर संस्था के अधिकारी मो. रहीमुद्दीन और वहीदुर रहमान सहित समाजसेवी इस्मत नाजनीन मौजूद थी। आयोजकों के अनुसार, पहल का उद्देश्य मशरूम उत्पादन के साथ उससे जुड़े वैल्यू-एडेड उत्पादों को बढ़ावा देकर ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है।