नागराकाटा: नागराकाटा प्रखंड के धरनीपुर चाय बागान इलाके में केला बेचकर घर लौट रहे एक व्यापारी पर बदमाशों ने हमला कर दिनभर की कमाई लूट ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, धरनीपुर फैक्ट्री लाइन बाजार में केला बेचने वाले व्यापारी निवारण नट्टो मंगलवार रात करीब 8 बजे साइकिल से अपने घर पानीघट्टा लौट रहे थे। इसी दौरान एक सुनसान रास्ते पर पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने व्यापारी के सिर पर बोरा डालकर मारपीट की और उनके पास मौजूद दिनभर की बिक्री की नकदी लेकर फरार हो गए। कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे एक टोटो चालक ने उन्हें सड़क किनारे घायल हालत में देखा और घर पहुंचाया। इसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए। पीड़ित की पत्नी सपना नट्टो ने बताया कि इससे पहले भी उनके पति पर दो बार हमला हो चुका है। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और पीड़ित व परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।