सिलीगुड़ी

चेरी के फूलों से सजेगा तिमी-तार्कू, 25 नवंबर से शुरू होगा सिक्किम चेरी महोत्स

Abhijit Dey

नाम्ची : नामची जिले का तिमी-तार्कू इस नवंबर चेरी के फूलों की खूबसूरत छटा से गुलजार होने जा रहा है। यहां 25 से 28 नवंबर तक सिक्किम चेरी महोत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा। चार दिवसीय इस महोत्सव में चेरी ब्लॉसम के साथ सिक्किम की समृद्ध स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक खान-पान, जैविक उत्पाद और ग्रामीण जीवनशैली को पर्यटकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।

तिमी-तार्कू पर्यटन विकास समिति के अनुसार, महोत्सव के दौरान क्षेत्र में चेरी के फूल पूर्ण खिलाव पर होंगे। प्राकृतिक सौंदर्य के साथ स्थानीय व्यंजन, जैविक कृषि उत्पाद, ग्रामीण जीवन और स्थानीय आतिथ्य इस आयोजन के प्रमुख आकर्षण होंगे।महोत्सव के माध्यम से तिमी-तार्कू की सामुदायिक पर्यटन क्षमता को भी बढ़ावा देने की तैयारी है

आयोजकों के अनुसार, महोत्सव स्थानीय किसानों, महिलाओं, युवाओं, होमस्टे संचालकों और उद्यमियों के लिए अपने उत्पादों और हुनर को प्रदर्शित करने का अवसर बनेगा।विभिन्न सांस्कृतिक समूह भी अपनी कला, परंपराओं और स्थानीय विरासत को प्रस्तुत करेंगे। इससे स्थानीय समुदाय की भागीदारी के साथ क्षेत्र के ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

महोत्सव का एक प्रमुख आकर्षण ‘ड्रैगन रन 2.0’ होगा। इसका आयोजन 28 नवंबर को तृतीय आईआरबीएन, मंगले के सहयोग से किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, दौड़ के माध्यम से फिटनेस, साहसिक गतिविधियों, युवाओं की भागीदारी और सामुदायिक भावना को प्रोत्साहित किया जाएगा। टेमी-तार्कू के प्राकृतिक परिवेश के बीच होने वाली यह दौड़ आयोजन का विशेष आकर्षण होगी।

आयोजकों ने सिक्किम और पड़ोसी राज्यों के पर्यटकों, प्रकृति प्रेमियों तथा साहसिक गतिविधियों के शौकीनों से चेरी महोत्सव के दौरान तिमी-तार्कू पहुंचने का आग्रह किया है।महोत्सव के जरिए पर्यटकों को केवल चेरी ब्लॉसम देखने का अवसर ही नहीं मिलेगा, बल्कि वे स्थानीय भोजन, परंपराओं, ग्रामीण जीवन और सामुदायिक पर्यटन का भी अनुभव कर सकेंगे। आयोजकों का कहना है कि सिक्किम चेरी महोत्सव 2026 प्राकृतिक सौंदर्य और स्थानीय जीवनशैली को एक साथ जोड़ते हुए तिमी-तार्कू को पर्यटन के एक आकर्षक गंतव्य के रूप में प्रस्तुत करेगा।

SCROLL FOR NEXT