सिलीगुड़ी

रेलवे ने लटका रखा है बर्दवान रोड फ्लाई-ओवर : मेयर

8 साल से अधर में लटका है कार्य, लागत भी 40 से बढ़ कर 70 करोड़ रुपये हुई

सिलीगुड़ी ः शहर के व्यस्ततम रोड में से एक बर्दवान रोड पर निर्माणाधीन फ्लाई-ओवर ब्रिज के निर्माण कार्य की लेटलतीफी पर सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देव ने फिर रोष जताया है। उन्होंने कहा कि रेलवे की ओर से लेटलतीफी के चलते ही बर्दवान रोड फ्लाईओवर का निर्माण कार्य अधर में लटका हुआ है। अब फिर रेलवे ने अपने हिस्से के कार्य को पूरा करने के लिए 31 मार्च तक मोहलत मांगी है। इस दौरान वह बर्दवान रोड रेल ओवर ब्रिज पार्ट का काम करेगा। पहले आयरन बोल्डर वेल्डिंग व सेटिंग का काम करेगा। उसके बाद उस पर छत ढलाई व बिटूमिनस का काम भी होगा। उसमें भी और अतिरिक्त 2-3 सप्ताह लग जाएंगे। इसलिए अब अप्रैल से पहले इस फ्लाईओवर के शुरू होने की संभावना नजर नहीं आ रही है।

वह मंगलवार को इस बाबत नगर निगम सभागार में रेलवे, पीडब्ल्यूडी, विद्युत कंपनी व ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों संग बैठक के बाद संवाददाताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आगे कहा कि, पहले रेलवे ने दिसंबर महीने तक की ही मोहलत मांगी थी। उसके तहत हम लोगों की 15 जनवरी से बर्दवान रोड फ्लाई-ओवर को शुरू कर देने की योजना थी लेकिन वह संभव नहीं हो पाया। रेलवे यदि अपने हिस्से का काम पूरा कर हमें हैंडओवर नहीं करेगा तो क्या हम बैठे रहेंगे? पीडबल्यूडी ने वहां अपने हिस्सा का सारा काम पूरा कर लिया है। हम अभी भी बैठे नहीं हैं। हम अपना काम कर रहे हैं। पीडब्ल्यूडी की ओर से वहां रंग-रोगन का काम किया जा रहा है। फ्लाई-ओवर के नीचे की जगह साफ करवा कर हम लोग वहां पार्किंग की व्यवस्था करेंगे। उसके बगल के बाजार को भी फ्लाई-ओवर के नीचे की जगह पर शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने भी एक ले-आउट तैयार किया है। उस पर हमारे नगर निगम के इंजीनियर भी काम कर रहे हैं। वहीं, वहां एक प्लेयिंग जोन बनाने की भी योजना है। उसका भी खाका तैयार किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि, लेटलतीफी के चलते ही बर्दवान रोड फ्लाई-ओवर निर्माण की लागत जो 2018 में 40 करोड़ रुपये थी वह अब बढ़ कर 70 करोड़ रुपये हो गई है।

SCROLL FOR NEXT