सिलीगुड़ी
साइबर ठगी के 91 लाख रुपये से अधिक के संदिग्ध लेनदेन के मामले में प्रधान नगर थाना पुलिस जांच को आगे बढ़ाते हुए आरोपित युवती को लेकर एक बार फिर सेवक रोड स्थित बैंक पहुंची। यहां पुलिस ने युवती की मौजूदगी में बैंक से जुड़े लेनदेन और अन्य जानकारियों की पड़ताल की। पुलिस का उद्देश्य खाते में जमा हुई संदिग्ध रकम और उससे जुड़े वित्तीय लेनदेन की कड़ियों को समझना है।
गौरतलब है कि प्रधान नगर थाना पुलिस ने ऑपरेशन साइबर प्रहार के तहत खोरीबाड़ी निवासी 19 वर्षीय मनीषा मंडल को गिरफ्तार किया था। पुलिस जांच में उसके इंडसइंड बैंक खाते में साइबर ठगी से जुड़े 91 लाख 21 हजार 808 रुपये जमा होने की बात सामने आई थी। गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया था। इसके बाद पूछताछ के दौरान पुलिस को मामले से जुड़ी कई अहम जानकारियां मिलने की बात सामने आई।
इन्हीं जानकारियों के आधार पर पुलिस अब मामले की वित्तीय कड़ियों को खंगाल रही है। इसी सिलसिले में युवती को लेकर पुलिस टीम दोबारा सेवक रोड स्थित बैंक पहुंची। वहां खाते से जुड़े रिकॉर्ड, संदिग्ध लेनदेन और रकम के आवागमन की जांच की गई। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इतनी बड़ी रकम खाते में कैसे पहुंची और इसके पीछे किन लोगों की भूमिका हो सकती है।
पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही साइबर ठगी के इस कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।