कालचीनी: अलीपुरदुआर जिले के कालचीनी ब्लॉक के हासीमारा आउटपोस्ट क्षेत्र से चार नाबालिग लड़कियों के अचानक लापता होने की घटना की जांच में जुट कर पुलिस ने तत्परता के साथ चारों नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया हैं। जानकारी के अनुसार, सभी चारों लड़कियां अपने-अपने घरों से लिखित घोषणा छोड़कर एक साथ निकल गई थीं। मामले की सूचना मिलते ही अलीपुरदुआर जिला पुलिस ने बिना देर किए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने सबसे पहले लड़कियों की तस्वीरें एकत्र कीं और तकनीकी विश्लेषण के जरिए उनकी आखिरी लोकेशन का पता लगाने की प्रक्रिया शुरू की। जांच के दौरान मिले अहम सुरागों को तुरंत सिलीगुड़ी जीआरपी के साथ साझा किया गया, ताकि समन्वित तरीके से खोज अभियान को आगे बढ़ाया जा सके। पुलिस की सक्रियता और समन्वित प्रयासों का परिणाम यह रहा कि चारों नाबालिग लड़कियों को जल्द ही महानंदा एक्सप्रेस ट्रेन से सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।
यह कार्रवाई समय रहते की गई, जिससे किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सका। फिलहाल पुलिस द्वारा सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है। एक विशेष टीम को नियमानुसार आगे की कार्रवाई के लिए भेजा गया है। बरामद की गई नाबालिगों को विधि अनुसार चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, जहां उनकी काउंसलिंग और आगे की देखभाल सुनिश्चित की जाएगी।