सिलीगुड़ी

मारवाड़ी युवा मंच की नई कार्यकारिणी ने संभाला कार्यभार

सिलीगुड़ी : नए सत्र 2026-2027 के लिए मारवाड़ी युवा मंच की सिलीगुड़ी शाखा की नई कार्यकारिणी ने नवचयनित अध्यक्ष सौगंध गोयल के नेतृत्व में कार्यभार संभाल लिया है। निवर्तमान अध्यक्ष प्रणय गोयल ने गत बुधवार को औपचारिक रूप में कार्यभार उन्हें सौंपा। नई कार्यकारिणी में मनीष मालपानी सचिव एवं प्रतीक अग्रवाल कोषाध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किए। नवनियुक्त अध्यक्ष सौगंध गोयल ने कहा कि उन्हें उनकी कार्यकारिणी को जिन उम्मीदों पर चयनित किया गया है उन पर खरा उतरने को वे सदैव तन-मन-धन से समर्पित रहेंगे।

नई कार्यकारिणी के नए कार्यकाल की शुरुआत सेवा भाव के साथ करते हुए प्रथम कार्यक्रम ‘गौ सेवा’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम संयोजक प्रकाश बिस्लानिया ने जानकारी दी कि नए कार्यकाल का शुभारंभ सिलीगुड़ी-दार्जिलिंग गौशाला में 11 सवामणी लगाकर किया गया। इस अवसर पर सभी सदस्यों का सराहनीय सहयोग रहा।

इस अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच की सिलीगुड़ी शाखा के निवर्तमान अध्यक्ष प्रणय गोयल ने उद्गार व्यक्त किए कि, अपने अध्यक्षीय कार्यकाल की महत्वपूर्ण यात्रा को पूर्ण करते हुए मेरा मन गर्व, कृतज्ञता और भावनाओं से भर उठा है। यह सफर केवल एक पद का दायित्व नहीं था बल्कि सभी के साथ मिलकर कुछ सार्थक करने का अवसर था। सभी के सहयोग और विश्वास ने हर चुनौती को आसान बनाया और हर प्रयास को सफल बनाया। इस अवधि में हमने न केवल बहुत से कार्य किए, बल्कि एकता, सहयोग और सेवा की भावना को और मजबूत किया। मुझे पूर्ण विश्वास है कि हमारा संगठन आने वाले समय में और भी ऊंचाइयों को छुएगा और समाज सेवा के नए आयाम स्थापित करेगा।

SCROLL FOR NEXT