फाइल फोटो  
सिलीगुड़ी

रईसजादों की अय्याशी बना हिट एंड रन का कारण

सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी में लगातार बढ़ते पब कल्चर नाइट पार्टी ने शहर की शांति को भंग कर दिया है, क्योंकि रात भर पब,डिस्को, बार में पार्टी करने के बाद जब रईसजादे अपने गाड़ियों से निकलते हैं तो वह सड़क में चलने वाले लोगों को कीड़े मकोड़े की तरह रौंद देते हैं | बीते 18 फरवरी की रात को भी सिलीगुड़ी सेवक रोड में हिट एंड रन का मामला घटित हुआ, जिसमें शंकर छेत्री नामक युवक की दर्दनाक मौत हो गई और एक युवती घायल है जिसका अभी इलाज चल रहा है | इस घटना के मुख्य आरोपी देबांशु पॉल चौधरी को गिरफ्तार कर रिमांड में लिया गया है | लेकिन इस दर्दनाक घटना को लेकर लोगों में घुसा बना हुआ है | इस विषय को लेकर सन्मार्ग संवाददाता ने शहर के कुछ प्रतिष्ठित व्यक्तियों से बातचीत की जिसके कुछ अंश:

राज्य सरकार को अतिरिक्त राजस्व देकर अनुमति लेने के बाद ही शहर के पब देर रात 2 बजे तक खुले रहते हैं। उस दौरान सख्त नाका चेकिंग हो तो चालकों पर नियंत्रण लगाया जा सकता है और संभावित अनहोनी को रोका जा सकता था। अनियमितताओं और लापरवाही के कारण ही इस प्रकार की दुर्घटनाएं हो रही हैं। जो सिंगिंग बार के नाम पर डांस बार और पब रात भर खुले रहते हैं | सरकार को आत्ममंथन कर इन व्यवस्थाओं में सुधार लाना होगा और कड़ा रुख अपनाना होगा : वरिष्ठ अधिवक्ता अत्रि देव शर्मा

मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है | ट्रैफिक विभाग द्वारा पहले भी कार्रवाई की जाती थी और अब इसे और ज्यादा कड़ा किया गया है | हर इलाके में रात्रि नाका चेकिंग को पूरी तरह से बढ़ा दिया गया है और ट्रैफिक कर्मी हर पहलू पर अपनी नजर बनाए हुए हैं | शहर के हर संवेदशील जगहों पर नजरदारी के साथ ट्रैफिक पुलिस की तैनाती भी बढ़ा दी गई है | रात्रि नाका चेकिंग को 10 बजे से 1 बजे तक कर दिया गया है। साथ ही रैकलेस और ड्रिंक एंड ड्राइव की सख्ती से जांच की जा रही है : सिलीगुड़ी ट्रैफिक डीसीपी काज़ी शम्सुद्दीन अहमद

हिट एंड रन कहीं न कहीं लापरवाही और पब कल्चर की देन है | इस पब, बार , नाइटलाइफ का चलन लोगों को बर्बाद कर रहा है | यह समाज और युवाओं पर बुरा प्रभाव डाल रहा है | इससे समय और धन दोनों की हानि होती है | लोग थोड़ी के संतुष्टि के लिए कई तरह के नशे व क्रियाकलापों को अंजाम देते हैं जो नुकशानदेह है | यदि शहर में किसी के साथ भी इस तरह की घटना घटित होती है तो वह दुखद ही है | शहर में बढ़ रहे नाइटकल्चर पर लगाम कसने की जरुरत है, इन मामलों में अब प्रशासन को सख्त होना चाहिए : अनुभवी शिक्षक बिपिन गुप्ता

शहर में जहां पब-बार ज्यादा है वहां पर पुलिस को तैनात रहना चाहिए और वहीं पर ही चेकिंग किया जाना चाहिए | आधुनिक दौर चल रहा है इस नाइटकल्चर को बंद करना तो मुश्किल है लेकिन सतर्क रहना जरुरी है | ट्रैफिक पुलिस को यदि कोई भी नशे की हालत में ड्राइव करता मिले तो सख्ती से पेश आना होगा | क्योंकि दुर्घटना से पहले चेतावनी देना समय की मांग बन गया है | ऐसे में सुरक्षा के मद्देनजर रात के समय इस तरह के स्थानों पर ड्राइवर को लेकर जाना सुरक्षित होगा इसे अनिवार्य करना चाहिए : व्यापारी, परमजीत सिंह पूनिया

SCROLL FOR NEXT