सिलीगुड़ी

प्रेमचंद और आचार्य भानुभक्त की जयंती मनाई गई

सिलीगुड़ी : राहुल सांकृत्यायन स्मृति अध्ययन केंद्र (शहीद नगर) में महान हिंदी साहित्यकार मुंशी प्रेमचंद एवं नेपाली साहित्य जगत के पुरोधा आचार्य भानुभक्त और प्रेमचंद की जयंती बीते रविवार को मनाई गई। कार्यक्रम के दौरान भानुभक्त आचार्य और मुंशी प्रेमचंद के साहित्यिक योगदान और भारतीय साहित्य में उनके महत्वपूर्ण स्थान पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि, दोनों साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से समाज, संस्कृति और आम जनजीवन को साहित्य के केंद्र में रखा। उनकी रचनाएं आज भी पाठकों को सामाजिक सरोकारों, मानवीय संवेदनाओं और जीवन की वास्तविकताओं से जोड़ती हैं।

कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण पिछले सप्ताह आयोजित ‘प्रेमचंद की कहानियों पर अपनी बात’ प्रतियोगिता और चित्रांकन प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार वितरण रहा। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए प्रेमचंद की कहानियों को अपने दृष्टिकोण से समझने और अभिव्यक्त करने का प्रयास किया था। पुरस्कार वितरण के दौरान विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया तथा उनके रचनात्मक प्रयासों की सराहना की गई।

कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. ओम प्रकाश पांडेय, डॉ. राजेंद्र प्रसाद सिंह, बसंत कर्वा, वरिष्ठ शिक्षक सत्येन बनर्जी, कवयित्री बबीता अग्रवाल कंवल, राहुल सांकृत्यायन स्मृति अध्ययन केंद्र (शहीद नगर) के अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार सिंह, सचिव दिलीप सिंह व अन्य कई गणमान्य सम्मिलित हुए। शहर के कई प्रबुद्ध साहित्यकारों, साहित्य प्रेमियों, शिक्षकों तथा कॉलेज और स्कूल के छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही। साहित्यिक चर्चा और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी ने पूरे आयोजन को जीवंत बना दिया। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, साहित्यकारों और उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने कहा कि, इस प्रकार के कार्यक्रमों का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय साहित्य और महान साहित्यकारों की रचनाओं से जोड़ना है। विशेष रूप से विद्यार्थियों के बीच साहित्य के प्रति रुचि और रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने की दिशा में ऐसी प्रतियोगिताओं का आयोजन महत्वपूर्ण है।

SCROLL FOR NEXT