सिलीगुड़ी : भारत का 77वां गणतंत्र दिवस सोमवार 26 जनवरी को मनाया जाएगा। इसे लेकर देश भर की भांति सिलीगुड़ी व आसपास में भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सिलीगुड़ी महकमा के सामान्य प्रशासन की ओर से सिलीगुड़ी ब्वॉएज हाईस्कूल प्रांगण में गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया गया है। वहां सोमवार सुबह 09:05 बजे सिलीगुड़ी के एसडीओ राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराएंगे। वहीं, परेड की सलामी लेंगे। ऐसे ही दूसरी ओर, सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस का गणतंत्र दिवस समारोह सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट में भव्य परेड के साथ आयोजित होगा। वहां सिलीगुड़ी के पुलिस कमिश्नर सी. सुधाकर राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराएंगे। इसी तरह सिलीगुड़ी नगर निगम में मेयर गौतम देव तिरंगा फहराएंगे। ऐसे ही विभिन्न संस्थानों, प्रतिष्ठानों व संगठनों, संस्थाओं की ओर से भी गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा।
गणतंत्र दिवस को लेकर शहर व आसपास में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। हरेक प्रमुख मार्ग पर पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई। शहर के प्रवेश एवं निकास मार्गों पर रविवार रात गहन नाका चेकिंग की गई। सार्वजनिक भीड़-भाड़ वाली जगहों मार्केट, मॉल, बस पड़ाव आदि पर पुलिस बल की तैनाती के साथ ही साथ आम पोशाक में भी पुलिस की कड़ी निगरानी रही। वहीं, दूसरी ओर भारत-बांग्लादेश सीमा पर बीएसएफ एवं भारत-नेपाल सीमा और भारत-भूटान सीमा पर एसएसबी की ओर से भी चौकसी और बढ़ा दी गई है।
इसके अलावा एनजेपी रेलवे स्टेशन, सिलीगुड़ी टाउन स्टेशन व सिलीगुड़ी जंक्शन स्टेशनों पर आरपीएफ व जीआरपी एवं बागडोगरा एयरपोर्ट पर सेंट्रल इंडस्ट्रियल सेक्योरिटी फोर्स (सीआईएसएफ) की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था में भारी वृद्धि की गई है। चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही हे। स्थानीय पुलिस और खुफिया एजेंसियों के समन्वय से सीआईएसएफ ने अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती की है और हवाई अड्डे के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। कठोर तलाशी, वाहनों और सामानों की गहन जांच-पड़ताल और निरंतर गश्त की जा रही है। जांच-पड़ताल में स्नीफर डॉग की भी मदद ली जा रही है। यात्रियों की सुरक्षा और हवाई अड्डे के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल और बम पहचान दस्ते को हाई अलर्ट पर रखा गया है। वहीं, यात्रियों से सुरक्षा जांच में सहयोग हेतु समय से पहले पहुंचने की अपील की गई है।