गंगटोक : राजधानी गंगटोक के ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर में छठ पूजा के आयोजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस वर्ष छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में दो अतिरिक्त कृत्रिम घाटों के साथ एक स्थायी घाट तैयार किया गया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए ठाकुरबाड़ी छठ पूजा समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार प्रसाद ने बताया कि विकास क्षेत्र, अरिथांग, एमजी मार्ग और लाल बाजार के श्रद्धालु बड़ी संख्या में छठ पूजा में शामिल होंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा और पूजा के व्यवस्थित संचालन के लिए घाटों की विशेष व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि छठ पूजा के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता और अनुशासन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए समिति की ओर से आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
समिति ने छठ पूजा परिसर में पटाखे जलाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। इस बार पुलिस और पीपल फॉर एनिमल्स (पीएफए) की विशेष निगरानी भी रहेगी। समिति की ओर से जारी सूचना में स्पष्ट किया गया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी छूट नहीं मिलेगी।
समिति ने श्रद्धालुओं, अभिभावकों और युवाओं से अपील की है कि वे अपने बच्चों को भी पटाखों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।
ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर में आयोजित होने वाली छठ पूजा में आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालुओं की भागीदारी को देखते हुए समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार प्रसाद ने सभी श्रद्धालुओं से सहयोग, अनुशासन और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।