सिलीगुड़ी : आशीघर आउटपोस्ट इलाके में सोमवार को एक नाबालिग लड़की की मौत से सनसनी फैल गई। घर से उसका शव बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले में उसके नाबालिग प्रेमी को हिरासत में लिया है। घटना की सूचना मिलते ही आशीघर आउटपोस्ट की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोमवार सुबह नाबालिग के घर पर कोई मौजूद नहीं था। बाद में उसकी मां घर लौटीं तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पड़ोसियों की मदद से परिवार के लोगों ने घर के दूसरे हिस्से से अंदर देखा, तो नाबालिग की हालत देखकर उनके होश उड़ गए।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एनबीएमसीएच) भेज दिया। तलाशी के दौरान पुलिस को घर से एक नोट भी मिला। पुलिस के अनुसार, नोट में नाबालिग ने अपनी मौत के लिए अपने नाबालिग प्रेमी को जिम्मेदार ठहराने की बात लिखी थी। साथ ही उसने अपने माता-पिता से माफी भी मांगी थी।घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। इस मामले में परिजनों की ओर से आशीघर आउटपोस्ट में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने नाबालिग प्रेमी को हिरासत में लिया।मंगलवार को हिरासत में लिए गए नाबालिग को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के पीछे वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं और दोनों के बीच किस तरह का विवाद चल रहा था।