इस्लामपुर : वेस्ट दिनाजपुर टी बागान वर्कर्स यूनियन ने 20 सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। संगठन की प्रमुख मांगों में चाय श्रमिकों को 20 फीसदी बोनस, 660 रुपये न्यूनतम दैनिक मजदूरी और सेवानिवृत्ति की उम्र 58 से बढ़ाकर 60 वर्ष करना शामिल है।
रविवार को चोपड़ा के कचनकली इलाके स्थित गिडोब प्राइमरी स्कूल में सीआईटीयू से संबद्ध संगठन की केंद्रीय कमेटी की बैठक हुई। इसमें आने वाले दिनों में आंदोलन की रणनीति तैयार की गई। संगठन ने चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होने पर गेट मीटिंग, सभाएं और एसडीओ-डीएम कार्यालयों का घेराव किया जाएगा। इसके बाद भी समाधान नहीं होने पर हड़ताल और सड़क जाम जैसे कदम उठाने की चेतावनी दी गई।
संगठन के महासचिव कार्तिक शील ने कहा कि 20 फीसदी बोनस नहीं मिलने पर श्रमिकों को बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा। अध्यक्ष स्वपन गुहा नियोगी ने आरोप लगाया कि कई चाय बागानों में सरकार द्वारा निर्धारित मजदूरी का भुगतान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने श्रमिकों के पीएफ की राशि समय पर जमा करने और रिक्त पदों पर श्रमिकों की भर्ती की भी मांग उठाई।
बैठक के बाद सौ से अधिक यूनिटों के श्रमिकों और समर्थकों ने कचनकली बाजार में जुलूस निकाला। संगठन ने 1 अक्टूबर को सिलीगुड़ी में और दिसंबर के पहले सप्ताह में संसद तक अभियान चलाने की घोषणा की है।यूनियन ने स्पष्ट किया कि मांगों पर जल्द पहल नहीं हुई तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और व्यापक किया जाएगा।