सिलीगुड़ी : शहर के बड़े दुर्गोत्सव आयोजकों में से एक स्वास्तिका युवक संघ इस बार उत्तर बंगाल की सबसे बड़ी दुर्गा प्रतिमा प्रस्तुत करने जा रहा है जिसकी लंबाई 51 फीट होगी। सिलीगुड़ी शहर के ही 6 नंबर वार्ड अंतर्गत महानंदा पाड़ा में स्थित स्वास्तिका युवक संघ के मैदान में इस प्रतिमा का निर्माण कार्य जोर-शोर से जारी है। इस बार बाहर से नहीं बल्कि सिलीगुड़ी के ही मूर्तिकारों द्वारा यह विशाल प्रतिमा बनाई जा रही है। यहां तक कि पंडाल निर्माण व प्रकाश-सज्जा का कार्य भी यहीं के स्थानीय कारीगर कर रहे हैं।
स्वास्तिका युवक संघ के सचिव बाप्पा पाल ने बताया कि इस बार दुर्गोत्सव आयोजन का बजट 19 लाख रुपये है। चूंकि उत्तर बंगाल की सबसे बड़ी 51 फीट लंबी दुर्गा प्रतिमा प्रस्तुत की जाएगी तो स्वाभाविक है कि इसे तैयार करने में बहुत समय लगेगा। इसीलिए इसका निर्माण कार्य बीते मई ही महीने से ही शुरू किया गया। प्रतिमा, पंडाल, साज-सज्जा, प्रकाश-सज्जा सारे कार्य स्थानीय कारीगरों को ही दिए गए हैं ताकि यहां के कारीगरों को भी रोजगार मिल सके और सिलीगुड़ी की सामाजिक-आर्थिक व्यवस्था बनी रहे।
उल्लेखनीय है कि स्वास्तिका युवक संघ की स्थापना 1955 में हुई थी। इसके द्वारा दुर्गाेत्सव आयोजन का यह 68वां वर्ष है। गत वर्ष इसका पूजा पंडाल मिनी बनारस घाट की थीम पर बना था जिसका बजट 17 लाख रुपये था। उक्त थीम आयोजन को कई पुरस्कार प्राप्त हुए थे। यह संघ हर साल की तरह इस साल भी सामाजिक सेवाओं पर भी खूब ध्यान दे रहा है।
-----
स्वास्तिका युवक संघ
स्थान : महानंदा पाड़ा, वार्ड नंबर-6, सिलीगुड़ी
थीम : 51 फीट लंबी दुर्गा प्रतिमा
बजट : 19 लाख रुपये
आयोजन वर्ष : 68वां
-----
अपने 68वें वार्षिक दुर्गोत्सव आयोजन के तहत इस बार हम लोग उत्तर बंगाल की सबसे लंबी दुर्गा प्रतिमा प्रस्तुत करने जा रहे हैं। इसकी लंबाई 51 फीट होगी। मां दुर्गा की इतनी ऊंची प्रतिमा प्रस्तुत कर हम यह संदेश देना चाहते हैं कि सोच ऊंची रहनी चाहिए।
बाप्पा पाल
सचिव - स्वास्तिका युवक संघ (महानंदा पाड़ा)