सिलीगुड़ी : दुर्गापूजा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी बीच पूजा कमेटियों के लिए अनुमति प्रक्रिया को लेकर प्रशासन ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। इस बार भी दुर्गापूजा की अनुमति के लिए पूजा कमेटियों को सरकारी सिंगल विंडो प्लेटफॉर्म ‘सहज’ ऐप के जरिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा।गुरुवार को दीनबंधु मंच में दुर्गापूजा की तैयारियों को लेकर आयोजित विशेष बैठक में ट्रैफिक डीसीपी काजी शमसुद्दीन अहमद ने पूजा कमेटियों को यह जानकारी दी। बैठक में सिलीगुड़ी नगर निगम की प्रशासक आर. बिमला, सिलीगुड़ी महकमा शासक विकास रुहेला समेत विभिन्न पूजा कमेटियों के सदस्य मौजूद रहे। इसके अलावा दमकल, पीएचई, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, बिजली विभाग और ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए। प्रशासन की ओर से बताया गया कि 28 सितंबर से 10 अक्टूबर तक ‘सहज’ ऐप के माध्यम से सिंगल विंडो व्यवस्था के तहत पूजा से संबंधित अनुमति के लिए आवेदन किया जा सकेगा। शनिवार और सरकारी छुट्टियों को छोड़कर आवेदन प्रक्रिया जारी रहेगी।
पूजा कमेटियों को मुख्य रूप से तीन मामलों में अनुमति लेनी होगी - दुर्गापूजा आयोजन, प्रतिमा विसर्जन और पूजा के दौरान या बाद में मेला, सांस्कृतिक कार्यक्रम अथवा बड़े जमावड़े वाले किसी आयोजन के लिए। इसके अलावा संबंधित थाना स्तर पर आवश्यक अनुमति की प्रक्रिया भी पूरी करनी होगी।
बैठक में अग्नि सुरक्षा को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। प्रत्येक पूजा कमेटी के दो से तीन सदस्यों को अग्निशमन संबंधी प्राथमिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। पूजा के दौरान आपात स्थिति से निपटने के लिए विधान मार्केट और एयरव्यू मोड़ पर फायर सर्विस कियोस्क बनाए जाएंगे। इन स्थानों पर दमकल की दो गाड़ियां तैनात रहेंगी। इसके साथ ही शहर के विभिन्न इलाकों में रातभर फायर फाइटिंग बुलेट से गश्त की जाएगी। लोगों और पूजा कमेटियों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए अलग-अलग स्थानों पर जागरूकता संबंधी फ्लेक्स भी लगाए जाएंगे।
बैठक में यह भी बताया गया कि राज्य सरकार के निर्णय के अनुसार इस वर्ष पूजा कार्निवल आयोजित नहीं किया जाएगा। वहीं पूजा के दौरान डीजे बजाने पर भी रोक रहेगी। इसके अलावा क्रेन के जरिए प्रतिमा विसर्जन की अनुमति नहीं होगी।
नगर निगम की प्रशासक आर. बिमला ने कहा कि पूजा कमेटियों को प्रशासन के सभी दिशा-निर्देशों की जानकारी देने के उद्देश्य से यह बैठक आयोजित की गई। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस वर्ष भी सिलीगुड़ी में दुर्गापूजा सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न होगी।