अधिकारियों द्वारा क्षेत्रीय सर्वेक्षण  
सिलीगुड़ी

मालदह एयरपोर्ट विस्तार परियोजना को लेकर शुरू हुआ सर्वेक्षण

मालदह: मालदह जिले में क्षेत्रीय हवाई संपर्क और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से मालदह एयरपोर्ट के एयरोड्रोम स्ट्रिप विस्तार परियोजना को लेकर सर्वेक्षण शुरू किया गया है। एयरपोर्ट के मौजूदा 1,350 मीटर लंबे एयरोड्रोम स्ट्रिप को करीब 1,150 मीटर और बढ़ाने के प्रस्ताव की संभाव्यता जांच के लिए जिला भूमि एवं भूमि सुधार/भूमि अधिग्रहण विभाग तथा परिवहन विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से क्षेत्रीय सर्वेक्षण किया।

सर्वेक्षण के दौरान अधिकारियों की टीम ने प्रस्तावित विस्तार क्षेत्र का निरीक्षण किया और परियोजना के लिए आवश्यक जमीन का प्रारंभिक मूल्यांकन किया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस परियोजना के लिए करीब 58.85 एकड़ जमीन की आवश्यकता हो सकती है। इंग्लिश बाजार के विधायक अम्लान भादुड़ी ने कहा कि प्रस्तावित विस्तार से मालदह एयरपोर्ट की भविष्य की संभावनाएं बढ़ेंगी। इससे यात्रियों की सुविधा के साथ-साथ व्यापार, पर्यटन और निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे जिले के आर्थिक विकास में मदद मिलेगी। मालदह के जिलाधिकारी राजनबीर सिंह कपूर, आईएएस ने बताया कि आने वाले दिनों में सर्वेक्षण का कार्य जारी रहेगा। योजना के अगले चरण में विस्तृत तकनीकी मूल्यांकन और भूमि संबंधी जांच पूरी की जाएगी।

SCROLL FOR NEXT