सिलीगुड़ी

सुनाखरी क्लब की खेल प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

Abhijit Dey

कालिम्पोंग: बाल दिवस के अवसर पर बारबोट के संन्यासी डांडा में ‘सुनाखरी क्लब’ की ओर से खेल प्रतियोगिता एवं विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम की सराहना करते हुए दार्जिलिंग जिला भाजपा के महासचिव सोंगडेन लेपचा ने सभी बच्चों को बाल दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि बच्चे समाज और राष्ट्र का भविष्य हैं। इस तरह के आयोजन बच्चों में नई ऊर्जा, उत्साह, आत्मविश्वास और खेल भावना विकसित करने के साथ ही उनकी छिपी प्रतिभाओं को निखारने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं। कालिम्पोंग के उज्ज्वल भविष्य के लिए ऐसी रचनात्मक, सामाजिक एवं शैक्षिक गतिविधियों का निरंतर आयोजन जरूरी है।

उन्होंने कहा कि बच्चों के सपनों, प्रतिभाओं और भविष्य को सही दिशा देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए स्थानीय निवासियों, सामाजिक संगठनों और जिम्मेदार लोगों को एकजुट होकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने इस सराहनीय आयोजन के लिए सुनाखरी क्लब एवं पूरी आयोजन समिति को बधाई और धन्यवाद दिया तथा प्रतियोगिता में शामिल सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर समाजसेवी आनंद लाखोटिया, गोरखा जनमुक्ति मोर्चा के संयोजक नीमा तामांग सहित अन्य सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

SCROLL FOR NEXT