नागराकाटा: बर्दवान क्लस्टर के अंतर्गत आने वाले 21 पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालयों के विद्यार्थियों को लेकर मंगलवार से नागराकाटा स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर में कला शिक्षा कार्यक्रम शुरू हुआ। दो दिवसीय इस कार्यक्रम में कुल 264 छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम का उद्घाटन मालबाजार के महकमा शासक उत्कर्ष खंडाल ने किया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा और सांस्कृतिक कौशल को मंच प्रदान करने के साथ विभिन्न विद्यालयों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है। उद्घाटन समारोह में महकमा शासक ने विद्यार्थियों से सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के तहत कंठ संगीत, वाद्य संगीत, दृश्य कला और कहानी कथन सहित कुल नौ विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आठ निर्णायकों को आमंत्रित किया गया है। इनमें केंद्रीय विद्यालय नंबर-1, केंद्रीय विद्यालय नंबर-2, डीपीएस एथेलबाड़ी, बीएल एजुकेशनल टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज और यूनिवर्सिटी बीटी एंड इवनिंग कॉलेज समेत अन्य संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल हैं।