सन्मार्ग संवाददाता
सिलीगुड़ी : मुख्यमंत्री की प्रशासनिक बैठक से पहले राज्य के मुख्य सचिव मनोज पंत ने माटीगाड़ा-1 ग्राम पंचायत अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। मुख्यमंत्री बुधवार को उत्तरकन्या में प्रशासनिक बैठक कर रही हैं। इससे पहले मुख्य सचिव ने क्षेत्र का निरीक्षण किया। उनके साथ दार्जिलिंग की जिला शासक प्रीति गोयल, माटीगाड़ा-1 ग्राम पंचायत के प्रधान कृष्ण सरकार, उप प्रधान रेखा मल्लिक और अन्य उपस्थित थे। इस दिन मुख्य सचिव ने क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों, आईसीडीएस केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों, सरकारी कार्यालयों और अन्य स्थानों का दौरा किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से भी मुलाकात की। उन्होंने इस बात की गहन जांच की कि क्या उस क्षेत्र में आम लोगों को राज्य सरकार की सभी सेवाएं मिल रही हैं या नहीं, या फिर उन सेवाओं को उपलब्ध कराना कठिन है। इसके बाद मुख्य सचिव ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य राज्य में उपलब्ध सरकारी परियोजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाना है। माटीगाड़ा-1 ग्राम पंचायत के प्रधान कृष्ण सरकार ने कहा कि मुख्य सचिव इस क्षेत्र में हो रहे विकास और सरकारी सेवाओं को देखकर खुश हुए। उन्होंने यह भी कहा कि उस क्षेत्र के विकास के लिए कुछ धनराशि की स्वीकृति मुख्य सचिव से मांगी गई है।