सिलीगुड़ी : कड़ी सुरक्षा और सख्त निगरानी के बीच सोमवार से राज्यभर में उच्च माध्यमिक तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा शुरू हो गई। सिलीगुड़ी शिक्षा जिले में भी सुबह से विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की भीड़ जुटी रही। एडमिट कार्ड की जांच और मेटल डिटेक्टर से फ्रिस्किंग के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। इस दौरान केंद्रों के बाहर पुलिस की तैनाती रही और CCTV के जरिए भी निगरानी की व्यवस्था की गई। परीक्षार्थियों ने पहले दिन भाषा विषय की परीक्षा दी। इस वर्ष परीक्षा 21 सितंबर से 14 अक्टूबर तक चलेगी। परीक्षा का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। परीक्षार्थियों को सुबह 10 बजे तक केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य किया गया था। सिलीगुड़ी शिक्षा जिले में कुल 10,212 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।
राज्यभर की बात करें तो परीक्षा के लिए 825 परीक्षा केंद्र और 2,105 वेन्यू बनाए गए हैं। करीब 7.18 लाख परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं, जिनमें 3,15,731 छात्र और 4,02,889 छात्राएं हैं। वहीं, सीडब्ल्यूएसएन श्रेणी के 426 परीक्षार्थी भी परीक्षा दे रहे हैं। कुल 99 संवेदनशील वेन्यू को चिन्हित किया गया है।
परीक्षा केंद्रों के मुख्य गेट और वेन्यू सुपरवाइजर के कमरे में CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही है। प्रत्येक केंद्र के प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर से जांच की व्यवस्था की गई है। मोबाइल फोन, कैलकुलेटर समेत किसी भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट को परीक्षा केंद्र में ले जाने पर पूरी तरह रोक है।प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिलने पर परीक्षार्थी का एनरोलमेंट रद्द किए जाने का प्रावधान है। परीक्षा केंद्रों पर प्रत्येक 20 परीक्षार्थियों पर एक इनविजिलेटर की व्यवस्था की गई है। परीक्षा इस बार बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित है और परीक्षार्थियों को अपने उत्तर ओएमआर शीट पर दर्ज करने होंगे। ओएमआर की जांच मशीन के माध्यम से की जाएगी।
सोमवार सुबह सिलीगुड़ी के विभिन्न परीक्षा केंद्रों के बाहर परीक्षार्थियों और अभिभावकों की आवाजाही देखने को मिली। परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह के साथ थोड़ी घबराहट भी नजर आई। हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था के बीच निर्धारित प्रक्रिया के तहत सभी को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। वहीं, परीक्षा देने पहुंचे बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने कुछ परीक्षा केंद्रों के बाहर परीक्षार्थियों को पेन और पानी की बोतलें देकर परीक्षा की शुभकामनाएं दीं।