मिरिक: सशस्त्र सीमा बल खोप्रेल की 8वीं बटालियन की देखरेख में ओकेटी बीच गांव स्थित सार्वजनिक भवन में सिविक वेलफेयर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों को आवश्यक सुविधाएं एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ एसएसबी और स्थानीय समुदाय के बीच आपसी तालमेल, सहयोग एवं विश्वास को और मजबूत करना था।
कार्यक्रम के दौरान डिप्टी कमांडेंट मुकेश कुमार के नेतृत्व में ग्रामीणों के बीच आवश्यक फर्नीचर का वितरण किया गया। वहीं, डॉ. अनीशा गरवा के नेतृत्व में आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में कुल 88 लोगों ने स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा सेवा का लाभ उठाया।
इसके अलावा, डॉ. समीर कुमार दास के नेतृत्व में पशु चिकित्सा शिविर भी लगाया गया, जिसमें कुल 228 पशुओं का उपचार किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों और एसएसबी के बीच सहयोग एवं समन्वय को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।