सिलीगुड़ी

हाशिमारा से पाक जासूसी के आरोप में जवान गिरफ्तार

Khodija Khatun (Rabia)

सिलीगुड़ी

पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने और भारतीय सेना से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां साझा करने के आरोप में पंजाब पुलिस ने हाशिमारा से सेना के एक जवान को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार जवान की पहचान राजबीर सिंह के रूप में हुई है। वह पंजाब के तरनतारन जिले के रसूलपुर गांव का निवासी है और 15 जेएके राइफल्स में तैनात था। शुक्रवार को उसे सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया, जहां से पंजाब पुलिस को दो दिनों की ट्रांजिट रिमांड मिली।

पंजाब पुलिस की स्पेशल ऑपरेशंस सेल के अनुसार, राजबीर पर अपने कुछ सहयोगियों के साथ मिलकर सेना की छावनियों से जुड़ी गोपनीय जानकारियां आईएसआई तक पहुंचाने का आरोप है। इस मामले में 8 अक्टूबर 2026 को फाजिल्का स्थित स्टेट स्पेशल ऑपरेशंस सेल में आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम (ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर पंजाब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजबीर को हाशिमारा से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे ट्रांजिट रिमांड के लिए सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। अदालत ने पंजाब पुलिस को दो दिनों के लिए ट्रांजिट रिमांड की अनुमति दी।

अदालत के निर्देश के अनुसार, आरोपित को 1 नवंबर को फाजिल्का के अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया जाना है। इसके बाद पंजाब पुलिस उसे लेकर रवाना हो गई।

पुलिस अब कथित जासूसी नेटवर्क की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं और सेना से जुड़ी कितनी संवेदनशील जानकारियां साझा की गईं।

SCROLL FOR NEXT