सिलीगुड़ी

भूटान से सोने और डॉलर की तस्करी, तीन गिरफ्तार

Khodija Khatun (Rabia)

सिलीगुड़ी

भारत-भूटान सीमा के रास्ते सोने और विदेशी मुद्रा की तस्करी के मामले में राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की सिलीगुड़ी इकाई ने बड़ी कार्रवाई की है। डीआरआई की टीम ने जलपाईगुड़ी जिले के ओल्ड डाबग्राम के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-17 पर एक यात्री बस की तलाशी लेकर 720 ग्राम सोने के बिस्कुट और 6600 अमेरिकी डॉलर बरामद किए हैं। जब्त सोने और विदेशी मुद्रा की कुल कीमत 1 करोड़ 5 लाख 52 हजार 380 रुपये आंकी गई है। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दिनेश कुमार (49), रघुवीर कुमार (29) और सूरज शाह (23) के रूप में हुई है। डीआरआई के अनुसार, सोने और विदेशी मुद्रा की खेप भूटान से जयगांव के रास्ते भारत लाई गई थी। इसके बाद इसे मुजफ्फरपुर ले जाने की योजना थी।

जांच के दौरान डीआरआई अधिकारियों ने बस में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान दो आरोपितों की कमर में बंधी बेल्ट से सोने के 36 बिस्कुट बरामद किए गए। वहीं, तीसरे आरोपित के पास से 6600 अमेरिकी डॉलर मिले। इसके बाद अधिकारियों ने सोने, विदेशी मुद्रा, मोबाइल फोन और अन्य सामान जब्त कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई के बाद तीनों आरोपितों को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उनकी जमानत याचिका खारिज करते हुए 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। डीआरआई इस तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।

SCROLL FOR NEXT