सिलीगुड़ी

सिटोंग बारबेक्यू हादसा: होमस्टे मालिक समेत चार गिरफ्तार

नवविवाहिता अब भी आईसीयू में, 60 फीसदी झुलसा शरीर; CCTV के बाद आमने-सामने आए आरोप-प्रत्यारोप

Khodija Khatun (Rabia)

सिलीगुड़ी : सिटोंग में हनीमून के दौरान बारबेक्यू की आग में झुलसी नवविवाहिता निकिता साहा के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होमस्टे मालिक समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। निकिता का शरीर करीब 60 फीसदी झुलस गया है और वह सिलीगुड़ी के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में गंभीर हालत में भर्ती हैं। हादसे को लेकर अब होमस्टे प्रबंधन और पीड़ित परिवार के आरोप आमने-सामने हैं।पुलिस ने होमस्टे मालिक निहाल अजरान, साझेदार पवन कुमार अग्रवाल तथा दो कर्मचारियों दीपेन लामा और नासिरुद्दीन को गिरफ्तार किया है। नासिरुद्दीन उत्तर दिनाजपुर के चोपड़ा का रहने वाला है, जबकि अन्य तीन के कार्शियांग निवासी होने की बात सामने आई है।मामला 13 सितंबर का है। चोपड़ा निवासी सौविक दास पत्नी निकिता के साथ सिटोंग के होमस्टे में हनीमून मनाने पहुंचे थे। बारबेक्यू के दौरान अचानक आग भड़कने से निकिता उसकी चपेट में आ गईं। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया था, जिसमें एक व्यक्ति को बारबेक्यू की आग में कोई तरल पदार्थ डालते देखा गया।सौविक का आरोप है कि आग तेज करने के लिए ज्वलनशील पदार्थ डाला गया। वहीं, होमस्टे प्रबंधन ने आरोपों से इनकार करते हुए दावा किया कि CCTV में दिख रहा तीसरा व्यक्ति उनका कर्मचारी नहीं है। प्रबंधन की ओर से यह भी दावा किया गया कि बारबेक्यू के दौरान आग बढ़ाने के लिए ज्वलनशील पदार्थ इस्तेमाल किया गया था। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।

SCROLL FOR NEXT