गेजिंग: प्रिमिटिव ट्राइब वेलफेयर बोर्ड की एक टीम ने बुधवार को सिक्किम लेप्चा एसोसिएशन के सदस्यों के साथ ग्यालशिंग जिले के युक्सोम-ताशीडिंग निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत सिंगलीटाम, रिम्बी के भूस्खलन प्रभावित इलाके का दौरा किया। टीम ने प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेने के साथ स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और तत्काल जरूरतों की जानकारी ली। दौरे का नेतृत्व प्रिमिटिव ट्राइब वेलफेयर बोर्ड के अध्यक्ष रेन छेवांग नोरबू लेप्चा ने किया। उनके साथ सहायक निदेशक रेन तोमटुक लेप्चा, आरएमआरटी के उपाध्यक्ष नामग्याल लेप्चा समेत बोर्ड के अन्य सदस्य मौजूद हुए।
इस दौरान टीम ने भूस्खलन से प्रभावित परिवारों की स्थिति का जायजा लिया और उनकी समस्याएं सुनीं। सहयोग और एकजुटता जताते हुए बोर्ड अध्यक्ष रेन छेवांग नोरबू लेप्चा ने प्रभावित परिवारों के बीच आवश्यक राशन सामग्री का वितरण किया। बोर्ड की टीम ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा रहना उनकी प्राथमिकता है। दौरे के माध्यम से प्रिमिटिव ट्राइब वेलफेयर बोर्ड और लेप्चा समुदाय ने कठिन समय में प्रभावित लोगों को हरसंभव सहयोग और सहायता उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई।