सिलीगुड़ी: माटीगाड़ा थाना क्षेत्र में घर से पूजा के सामान और चांदी की मूर्तियां चोरी होने के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान माटीगाड़ा के अनिलनगर निवासी शुभम राय के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से चोरी गए सामान भी बरामद कर लिए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, चौपासी मोड़ स्थित चौरसिया भवन निवासी अरविंद सरकार ने अपने घर से पूजा में इस्तेमाल होने वाले बर्तन तथा भगवान गणेश और भगवान शिव की चांदी की मूर्तियां चोरी होने की शिकायत माटीगाड़ा थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को मामले में शुभम राय की संलिप्तता के संबंध में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिनों की पुलिस हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार, हिरासत के दौरान आरोपित से पूछताछ और उसके बताए स्थानों पर कार्रवाई के आधार पर चोरी गए पूजा के सामान और चांदी की मूर्तियां बरामद की गईं। बरामद सभी सामान को नियमानुसार जब्त कर लिया गया है।
पुलिस मामले में आरोपित से पूछताछ के साथ चोरी की घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता है या नहीं, इसकी भी जांच कर रही है। मामले की आगे की कार्रवाई जारी है।