सिलीगुड़ी : सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के सिलीगुड़ी फ्रंटियर का 15वां स्थापना दिवस महानिरीक्षक वंदन सक्सेना की अध्यक्षता में बुधवार को हर्षोल्लास संग मनाया गया। महानिरीक्षक ने शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित कर राष्ट्र की सेवा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को नमन किया। वहीं, ध्वजारोहण किया। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व बलकर्मियों को महानिदेशक प्रशस्ति पत्र एवं महानिरीक्षक प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर पाइप्स एंड ड्रम्स बैंड तथा ब्रास बैंड द्वारा मनमोहक एवं अनुशासित प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने उपस्थित जनसमूह में देशभक्ति एवं गौरव की भावना का संचार किया।
इसके उपरांत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं जैसे बच्चों के लिए 50 मीटर दौड़, जलेबी रेस एवं सैक रेस (बोरी दौड़) तथा बलकर्मियों एवं संदीक्षा सदस्यओं के लिए टग ऑफ वॉर (रस्साकशी) का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से आपसी समन्वय एवं टीम भावना को प्रोत्साहन मिला साथ ही प्रतियोगिता के विजेता एवं उप विजेताओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।