सिलीगुड़ी

भाजपा सरकार की शपथ पर झूम उठा सिलीगुड़ी शहर

सिलीगुड़ी : भारत के इतिहास में पहली बार पश्चिम बंगाल में बनी भाजपा सरकार के शनिवार को हुए शपथ ग्रहण समारोह को लेकर राज्य भर की भांति यहां सिलीगुड़ी शहर भी खूशी से झूम उठा। शहर व आसपास में तरह-तरह के आयोजन कर खुशियां मनाई गईं।

काली मंदिर में विशेष पूजा

एक ओर शनिवार को राजधानी कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में भव्य समारोह के बीच राज्य की पहली भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह चल रहा था और दूसरी ओर उसी समय सिलीगुड़ी रवींद्र नगर के रथखोला मोड़ स्थित श्री श्री मां मनस्कामना काली मंदिर में भाजपा समर्थक विशेष पूजा-अर्चना में लगे हुए थे। उन्होंने राज्य की पहली भाजपा सरकार व राज्य के पहले भाजपाई मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के स्वस्थ जीवन एवं दीर्घायु की कामना की। इसी मनोकामना के साथ लोगों के बीच लड्डू बांट कर खुशियां मनाई।

समर्थकों ने देखा सीधा प्रसारण

राजधानी कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में राज्य की पहली भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह का सीधा प्रसारण लोगों को दिखाए जाने के लिए भाजपा समर्थकों की ओर से शनिवार को पंजाबी पाड़ा में विशेष आयोजन किया गया। मुख्य सड़क के एक ओर एक दुकान की शेड में बड़ा सा प्रोजेकटर स्क्रीन लगाया गया और सड़क के दूसरी ओर टेबल, कुर्सी पर कतार में बैठ कर लोगों ने शपथ ग्रहण समारोह का सीधा प्रसारण देखा। जब मुख्यमंत्री के रूप में शुभेंदु अधिकारी ने शपथ ली तब जम कर ढाक बजाए गए व जय श्री राम के नारे लगाए गए। वहीं, लड्डू एवं झालमुड़ी का वितरण किया गया। इस अवसर पर भाजपा समर्थकों ने कहा कि, यह एक सपना साकार हो गया, वैसा लग रहा है। इतने खुश हैं कि उसका कोई हिसाब नहीं। इतना अच्छा लग रहा है कि उसका कोई हिसाब नहीं। आज जैसे एक आजादी मिली है। बंगाल की धरती के लिए आज का दिन स्वर्णिम दिन है। अब राज्य में सर्वत्र भाजपा का भगवा लहराएगा जो बहुत कुछ बदल देगा। जो हो रहा है अच्छे के लिए हो रहा है।

5,000 लड्डू बांटे गए, झालमुड़ी भी बंटी

पश्चिम बंगाल राज्य में पहली बार बनी भाजपा सरकार की खुशी में भाजपा समर्थकों की ओर से एनजेपी स्टेशन के पास नेता जी मोड़ पर आते-जाते लोगों के बीच कुल मिला कर 5,000 लड्डू बांटे गए। वहीं, इस दिन 25 बैशाख यानी रवींद्र जयंती भी मनाई गई। उन्होंने कविगुरु रवींद्र नाथ टैगोर के चित्रपट पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। राज्य में भाजपा की सरकार बनने की खुशी में इस दिन सिलीगुड़ी शहर के 15 नंबर वार्ड समेत अन्य कई इलाकों में भी भाजपा समर्थकों ने लोगों के बीच लड्डू व झालमुड़ी का वितरण किया।

फूलबाड़ी में निकाला गया विजय जुलूस

राज्य में पहली बार भाजपा सरकार बनने की खुशी में सिलीगुड़ी शहर के निकट फूलबाड़ी में भाजपा समर्थकों ने शनिवार दोपहर भव्य विजय जुलूस निकाला। ढोल, ताशे, गाजे-बाजे के साथ फूलों की माला पहने भाजपा समर्थक झूम कर निकले। सारे रास्ते गेरुआ गुलाल उड़ाते चले। एक-दूसरे को गेरुआ अबीर लगाया। लड्डू से मुंह मीठा कराया। इसके साथ ही जय श्री राम के नारे लगाते हुए एक-दूजे को बधाइयां दी। ऐसे ही शहर व आसपास अन्य कई जगहों पर भाजपा समर्थकों द्वारा विविध रूप में राज्य की पहली भाजपा सरकार जश्न मनाया गया।

SCROLL FOR NEXT