गंगटोक : सिक्किम राज्य सहकारी संघ (सिकुन) को राज्य में सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने की दिशा में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘भारतीय सहकारिता उत्कृष्टता पुरस्कार 2026’ से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि के साथ सिक्किम ने राष्ट्रीय स्तर पर सहकारिता के क्षेत्र में अपनी पहचान स्थापित की है।
सिकुन के अध्यक्ष डॉ. मंगल जीत राई और उपाध्यक्ष पी. पी. शर्मा ने आज नई दिल्ली स्थित अशोका होटल में आयोजित एक विशेष समारोह में यह पुरस्कार ग्रहण किया। यह समारोह भारतीय सहकारिता की 15वीं वर्षगांठ के अवसर पर पहली बार आयोजित ‘भारतीय सहकारिता शिखर सम्मेलन एवं उत्कृष्टता पुरस्कार 2026’ के तहत संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इस अवसर पर भारत सरकार के सहकारी चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष डी. के. सिंह, सहकार भारती के संस्थापक सदस्य एवं भारतीय रिजर्व बैंक तथा नाबार्ड के पूर्व केंद्रीय बोर्ड सदस्य सतीश मराठे, भारतीय सहकारिता के संपादक अजय झा तथा नेफेड के अध्यक्ष लक्ष्मी दास सहित सहकारिता क्षेत्र की कई प्रतिष्ठित हस्तियां मौजूद थीं।
यह पुरस्कार संस्थागत विकास, सहकारी प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण, डिजिटल सशक्तीकरण तथा सहकारी उद्यमों को बढ़ावा देने के क्षेत्र में सिकुन द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया है।
इस उपलब्धि को सिकुन के अध्यक्ष डॉ. मंगल जीत राय के दूरदर्शी नेतृत्व, निदेशक मंडल के सामूहिक प्रयासों तथा अधिकारियों, संकाय सदस्यों और कर्मचारियों की प्रतिबद्धता का परिणाम बताया गया है।
सिकुन ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग, सहकारिता मंत्री अरुण कुमार उप्रेती, सहकारिता विभाग के सचिव तथा सभी संबंधित हितधारकों के निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।
पुरस्कार प्राप्त करने के बाद डॉ. मंगल जीत राई ने कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि सिकुन परिवार और सिक्किम के संपूर्ण सहकारी समुदाय के सामूहिक प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान है।
सिकुन ने इस सम्मान को संस्था के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह सहकारिता के माध्यम से समृद्धि यानी ‘सहकार से समृद्धि’ के राष्ट्रीय दृष्टिकोण को साकार करने तथा सिक्किम में एक मजबूत, समावेशी और टिकाऊ सहकारिता आंदोलन के निर्माण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करेगा।