सिलीगुड़ी

सिक्किम में डिजिटल पर्यटन को बढ़ावा देगा याकतेन गांव

राज्यपाल दुष्यन्त गौतम ने किया भारत के पहले डिजिटल नोमैड विलेज का दौरा, ग्रामीण आजीविका और रोजगार की संभावनाओं को सराहा

Abhijit Dey

पाक्योंग : सिक्किम के राज्यपाल दुष्यन्त गौतम ने राज्य की प्रथम महिला लक्ष्मी गौतम के साथ 19 नवंबर को पाक्योंग जिले के याकतेन गांव का दौरा किया। भारत के पहले ‘डिजिटल नोमैड विलेज’ के रूप में पहचान बना रहे इस गांव में उन्होंने डिजिटल पर्यटन की अनूठी पहल का जायजा लिया और इससे जुड़ी संभावनाओं की जानकारी प्राप्त की।

याकतेन पहुंचने पर राज्यपाल और प्रथम महिला का स्थानीय लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर पाक्योंग की जिलाधिकारी परी बिश्नोई, अतिरिक्त जिलाधिकारी पुलकित, अतिरिक्त जिलाधिकारी (विकास) समेत जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

भ्रमण के दौरान ‘नोमैड सिक्किम’ के प्रमुख नमन जैन ने राज्यपाल को इस पहल की अवधारणा, उद्देश्य और उपलब्धियों से अवगत कराया। राज्यपाल ने स्थानीय निवासियों, होमस्टे संचालकों और गांव में रहकर ऑनलाइन काम करने वाले डिजिटल नोमैड्स से बातचीत की। उन्होंने ग्रामीण जीवनशैली और आधुनिक डिजिटल कार्य संस्कृति के बीच विकसित हो रहे तालमेल को भी समझा।

उल्लेखनीय है कि ‘नोमैड सिक्किम’ की शुरुआत पाक्योंग जिला प्रशासन और गैर-सरकारी संगठन ‘सर्वहिताए’ के संयुक्त प्रयास से की गई है। इसके तहत गांव में निर्बाध इंटरनेट कनेक्टिविटी और बिजली बैकअप जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि देश-विदेश के ऑनलाइन काम करने वाले पेशेवर यहां रहकर अपना काम कर सकें। इस पहल का उद्देश्य पर्यटकों को केवल घूमने तक सीमित न रखते हुए उन्हें स्थानीय संस्कृति, ग्रामीण जीवन और सामुदायिक गतिविधियों से जोड़ना है।

इस नवाचार की सराहना करते हुए राज्यपाल दुष्यन्त गौतम ने पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली और ग्रामीण पर्यटन की संभावनाओं को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों की क्षमताओं को पहचानकर पर्यटन और आजीविका के नए अवसर विकसित करना सराहनीय कदम है। डिजिटल कनेक्टिविटी और ग्रामीण पर्यटन का यह संगम स्थानीय युवाओं एवं होमस्टे संचालकों के लिए वर्षभर रोजगार के अवसर पैदा करने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में सहायक होगा।

SCROLL FOR NEXT