सिलीगुड़ी

सिक्किम की ‘नुमाहान्गमा’ का लंदन फिल्म फेस्टिवल के लिए चयन

गंगटोक: सिक्किम में निर्मित फीचर फिल्म नुमाहान्गमा का चयन ब्रिटेन के लंदन में आयोजित होने वाले नेपाल इंडिजिनियस फिल्म फेस्टिवल (NIFF) 2026 के दूसरे संस्करण के लिए हुआ है। फिल्म का निर्देशन नियारा सुब्बा ने किया है, जबकि निर्माण एच.एम. सुब्बा ने किया है। 90 मिनट की यह फिल्म एच.एम. सुब्बा के वास्तविक जीवन के अनुभवों और संघर्षों पर आधारित है। फिल्म पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच चुनौतियों का सामना करते हुए आत्मविश्वास, दृढ़ संकल्प और संघर्ष के बल पर आगे बढ़ने वाली एक महिला की यात्रा को संवेदनशीलता से प्रस्तुत करती है। इसके जरिए महिलाओं के सामाजिक-पारिवारिक संघर्षों के साथ याक्थुङ पहचान, संस्कृति और हिमालयी जनजीवन को भी दर्शाया गया है। गंगटोक के वज्र सिनेमा हॉल में पहली बार प्रदर्शित होने के बाद फिल्म विभिन्न फिल्म महोत्सवों में अपनी यात्रा जारी रखे हुए है। 27 सितंबर 2026 को लंदन में होने वाले महोत्सव में नुमाहान्गमा अन्य आठ चयनित आदिवासी एवं जनजातीय फिल्मों के साथ प्रदर्शित होगी। फिल्म के चयन पर निर्देशक नियारा सुब्बा ने इसे सिक्किम का अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रतिनिधित्व करने वाला महत्वपूर्ण और गर्व का क्षण बताया। उन्होंने फिल्म को आकार देने में निर्माता एच.एम. सुब्बा और पूरी टीम के योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया।

इससे पहले नुमाहान्गमा याक्थुङ सिने अवार्ड्स इंटरनेशनल (YCAI) 2082 में सर्वश्रेष्ठ फिल्म और सर्वश्रेष्ठ निर्देशक सहित दो पुरस्कार हासिल कर चुकी है। फिल्म का अंतरराष्ट्रीय चयन सिक्किमेली और आदिवासी सिनेमा के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

SCROLL FOR NEXT