गंगटोक : सिक्किम की राजधानी गंगटोक और राज्य की पहचान को लेकर कथित रूप से अश्लील एवं अपमानजनक फेसबुक पोस्ट किए जाने के मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सिक्किम महिला मोर्चा ने मेघालय निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
महिला मोर्चा की अध्यक्ष सृजना छेत्री के नेतृत्व में मंगलवार को संगठन के पदाधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने गंगटोक स्थित सदर थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को औपचारिक शिकायत सौंपी। शिकायत में अरहुंकी लालू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।
शिकायत के अनुसार, कथित आपत्तिजनक फेसबुक पोस्ट का संबंध सिक्किम राइडर्स मीट और नॉर्थ ईस्ट राइडर्स मीट 2026 से बताया गया है। पोस्ट में गंगटोक और सिक्किम का संदर्भ देते हुए कथित तौर पर अश्लील एवं दोहरे अर्थ वाले शब्दों का इस्तेमाल किया गया था।
महिला मोर्चा ने इन टिप्पणियों को सिक्किम के लोगों की गरिमा, संस्कृति और पहचान के प्रति अपमानजनक करार दिया है। संगठन ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करने, पोस्ट की प्रामाणिकता की पुष्टि करने तथा संबंधित व्यक्ति के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई शुरू करने का आग्रह किया है।
महिला मोर्चा ने कहा कि सिक्किम हमेशा से अपने आतिथ्य, सौहार्द और गर्मजोशी के लिए जाना जाता है तथा राज्य ने देश-दुनिया से आने वाले पर्यटकों और आगंतुकों का खुले दिल से स्वागत किया है। हालांकि, इस आतिथ्य को कमजोरी नहीं समझा जाना चाहिए। संगठन ने स्पष्ट किया कि सिक्किम की अस्मिता, गरिमा और यहां के लोगों के आत्मसम्मान का हर हाल में सम्मान किया जाना चाहिए।