सिलीगुड़ी

सिक्किम केंद्र में वार्षिक दिवस और हिमालय लोकप्रिय व्याख्यान

Abhijit Dey

गंगटोक : जी.बी. पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान के सिक्किम क्षेत्रीय केंद्र की ओर से पांगथांग स्थित जैव विविधता निगरानी केंद्र के सभागार में वार्षिक दिवस 2026 तथा 13वां पं. गोविंद बल्लभ पंत हिमालय लोकप्रिय व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं, सरकारी प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों एवं अन्य हितधारकों समेत 120 से अधिक लोगों ने भाग लिया। सिक्किम सरकार के शिक्षा, खेलकूद एवं युवा मामलों तथा कानून एवं संसदीय मामलों के मंत्री राजू बस्नेत मुख्य अतिथि और पद्मश्री डॉ. एक्लब्य शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। क्षेत्रीय प्रमुख डॉ. राजेश जोशी ने केंद्र की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। इस दौरान अनुसंधान एवं विकास कार्यों पर आधारित वृत्तचित्र भी प्रदर्शित किया गया।

व्याख्यान में आईआईटी रुड़की के जल संसाधन विकास एवं प्रबंधन विभाग के प्रोफेसर अनिल कुमार गुप्ता ने हिमालयी क्षेत्रों में बढ़ते जोखिम, आपदा न्यूनीकरण और सतत विकास के लिए विज्ञान आधारित एकीकृत दृष्टिकोण पर प्रकाश डाला। उन्होंने नदी बेसिन आधारित जोखिम आकलन, पूर्व चेतावनी प्रणाली, जलवायु परिवर्तन आकलन और प्रकृति आधारित समाधानों को विकास योजनाओं में शामिल करने की आवश्यकता बताई। पद्मश्री डॉ. एक्लब्य शर्मा ने केंद्र के कार्यों की सराहना करते हुए युवा शोधकर्ताओं को अवसर देने और हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण पर जोर दिया। मंत्री राजू बस्नेत ने शिक्षा, वैज्ञानिक ज्ञान और युवाओं की भागीदारी को हिमालयी चुनौतियों से निपटने में महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य के लिए जोनी लेप्चा, जयन्ती खरेल, सुनील तामांग और राजेन राई को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर दो महत्वपूर्ण प्रकाशनों का विमोचन भी हुआ। कार्यक्रम का समापन डॉ. संदीप रावत के धन्यवाद ज्ञापन से हुआ।

SCROLL FOR NEXT