सिलीगुड़ी

सिक्किम के भविष्य की चिंता केवल एसडीएफ को : पवन चामलिंग

-एसडीएफ अध्यक्ष ने पार्टी नेताओं से ‘युद्धस्तर’ पर संगठन मजबूत करने को कहा

Abhijit Dey

गंगटोक :सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) मुख्यालय में शनिवार को पार्टी अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री पवन चामलिंग की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्षों, उपाध्यक्षों और जिला प्रमुखों के साथ संगठन तथा राज्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।बैठक को संबोधित करते हुए चामलिंग ने कहा कि सिक्किम और सिक्किमवासियों के भविष्य को लेकर एसडीएफ के सामने बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसडीएफ को छोड़कर अन्य राजनीतिक दल सिक्किम और यहां के लोगों के प्रति ईमानदार नहीं हैं और अपने राजनीतिक हितों के लिए उनका इस्तेमाल कर रहे हैं।

अपने राजनीति छोड़ने और पार्टी छोड़ने की चल रही अटकलों पर भी चामलिंग ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इन चर्चाओं को विरोधियों का ‘दिवास्वप्न’ बताते हुए कहा कि सिक्किम और सिक्किमवासियों को छोड़कर राजनीति से दूर जाना उनके लिए संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि वह हमेशा सिक्किमवासियों के हितों और उनकी सुरक्षा के लिए राजनीति करते रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे।चामलिंग ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से एसडीएफ विरोधी तथा उनके अनुसार सिक्किम विरोधी तत्वों द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम और अफवाहों का मुकाबला करने का आह्वान किया। उन्होंने संगठन को ‘युद्धस्तर’ पर आगे बढ़ाने का निर्देश दिया।

एसकेएम सरकार पर निशाना साधते हुए चामलिंग ने आरोप लगाया कि एसडीएफ सरकार ने जिस मजबूत आधार पर सिक्किम को छोड़ा था, वह वर्तमान सरकार के कार्यकाल में कमजोर हुआ है। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा नीतियों और सरकार के कथित तौर पर गैर-जिम्मेदार रवैये का खामियाजा आने वाली पीढ़ियों को भुगतना पड़ सकता है।उन्होंने कहा कि सिक्किमवासियों को मिली कई सुविधाओं और सहूलियतों की नींव एसडीएफ सरकार के कार्यकाल में रखी गई थी। बैठक में पार्टी नेताओं ने भी अपने विचार रखे। प्रेस विज्ञप्ति एसडीएफ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (प्रचार-प्रसार) अम्बर राई की ओर से जारी की गई।

SCROLL FOR NEXT