गंगटोक : सिक्किम फुटबॉल एसोसिएशन (एसएफए) की वर्ष 2026-2030 की नई कार्यकारिणी के लिए आयोजित चुनाव में सभी 15 पदों पर उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। मेनला इथेनपा को एसोसिएशन का नया अध्यक्ष चुना गया है, जबकि फुरबा शेरपा महासचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे।
चुनाव नए खेल शासन अधिनियम, 2025 तथा अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) और सिक्किम फुटबॉल एसोसिएशन के संशोधित संविधान के प्रावधानों के अनुरूप आयोजित किया गया। एआईएफएफ द्वारा नियुक्त निर्वाचन अधिकारी एन. एम. ढकाल की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई।
नई कार्यकारिणी में छुंग छुंग भूटिया को महिला कोटे से प्रथम उपाध्यक्ष और अर्जुन रोका को द्वितीय उपाध्यक्ष चुना गया। लेराब भूटिया और साम्तेन ल्हामू लाचुंगपा संयुक्त सचिव होंगे। अर्जुन राई को कोषाध्यक्ष तथा सुसान भूटिया को संयुक्त कोषाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, पेडर्न लामा को प्रचार सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कार्यकारिणी के अन्य सदस्यों में जिला फुटबॉल संघों के प्रतिनिधि के रूप में नामग्याल भूटिया और बसंत योंजोन शामिल हैं। एसओएम कोटे से बिकाश जैरू और ओंग छिरिंग लेप्चा चुने गए, जबकि खिलाड़ी संघ के प्रतिनिधियों के रूप में पुष्पा गुरूंग और प्रेकिला तामांग को कार्यकारिणी में जगह मिली।
चुनाव परिणाम की घोषणा के दौरान एआईएफएफ के कार्यकारिणी सदस्य एवं नागालैंड फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष के. नेइबू सेखोसे, सिक्किम ओलंपिक एसोसिएशन के संयुक्त सचिव महिंद्रा ढकाल और सिक्किम सरकार के खेल एवं युवा मामलों के विभाग के निदेशक डॉ. आर. बी. बिस्वकर्मा पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित थे।
इस अवसर पर 30 नए सदस्यों ने शपथ ग्रहण कर एसोसिएशन की सदस्यता भी ली। इसे राज्य में फुटबॉल समुदाय का विस्तार करने और संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
नई कार्यकारिणी का लक्ष्य फुटबॉल प्रशासन को सुदृढ़ करना, जमीनी स्तर पर खेल को बढ़ावा देना, युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और घरेलू प्रतियोगिताओं का स्तर सुधारना है। इसके साथ ही खिलाड़ियों तथा संबद्ध क्लबों को बेहतर सहयोग देने और राज्य के फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए अधिक अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जाएगा।
एसोसिएशन ने एआईएफएफ, सिक्किम सरकार, जिला फुटबॉल संघों, संबद्ध क्लबों, खिलाड़ियों, अधिकारियों और अन्य हितधारकों के प्रति आभार व्यक्त किया। संगठन ने सभी के सामूहिक सहयोग से राज्य में फुटबॉल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की उम्मीद जताई।