सिलीगुड़ी
सिलीगुड़ी के शांतिनगर में कारोबारी से सोना और नकदी से भरा बैग छीनने तथा गोली चलाने की घटना के बाद इलाके में अब भी दहशत का माहौल है। शुक्रवार सुबह डाबग्राम-फुलबाड़ी की भाजपा विधायक शिखा चटर्जी ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने पीड़ित कारोबारी और उनके परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली तथा उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
घटना के बाद से कारोबारी का परिवार सहमा हुआ है। विधायक ने परिजनों से बातचीत कर घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी हासिल की। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और उम्मीद है कि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
दौरे के दौरान विधायक ने आशीघर पुलिस चौकी के प्रभारी अधिकारी से भी बातचीत की। उन्होंने पुलिस से अब तक की जांच की प्रगति, शिकायत के आधार पर जुटाई गई जानकारियों और आरोपितों को पकड़ने के लिए उठाए जा रहे कदमों के बारे में जानकारी ली।
विधायक ने मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल लोगों को जल्द से जल्द पकड़ना जरूरी है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और इलाके के लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम हो।
गौरतलब है कि शांतिनगर में कारोबारी से सोना और नकदी से भरा बैग छीनने के दौरान गोली चलने की घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और सभी की नजरें मामले के खुलासे पर टिकी हैं।