Sewa setu camp  
सिलीगुड़ी

सेवा सेतु में दार्जिलिंग के पहाड़ से समतल तक 87,810 लोगों ने कराया पंजीकरण

80 सरकारी योजनाओं और सेवाओं का मिला लाभ, वृद्धावस्था पेंशन और बांग्ला सहायता केंद्र की सेवाओं के लिए सबसे ज्यादा आवेदन

Anjali Pandey

सिलीगुड़ी : सरकारी योजनाओं और सेवाओं को लोगों के घर के करीब पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए गए ‘सेवा सेतु अभियान’ में दार्जिलिंग जिले के पहाड़ी और समतल क्षेत्रों में लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली है। 4 अक्टूबर तक जिले के सभी ब्लॉक और स्थानीय निकायों को मिलाकर कुल 87,810 पंजीकरण दर्ज किए गए हैं। इन लोगों ने कुल 80 तरह की योजनाओं और सरकारी सेवाओं के लिए पंजीकरण कराया है।

सिलीगुड़ी नगर निगम द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, 2 अक्टूबर को 13,506, 3 अक्टूबर को 33,757 और 4 अक्टूबर को सबसे अधिक 40,607 पंजीकरण हुए। यानी अभियान के अंतिम दिन लोगों की भागीदारी में काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई। सेवा सेतु के तहत सबसे अधिक 35,450 पंजीकरण नागरिक सेवाओं, आवास और बुनियादी ढांचे से जुड़ी सेवाओं के लिए हुए। इनमें विभिन्न सेवाओं के लिए बांग्ला सहायता केंद्रों के माध्यम से 22,044 पंजीकरण, अन्य सेवाओं के लिए 11,483, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लिए 1,557, व्यक्तिगत घरेलू शौचालय के लिए 1,184 और पट्टा आवेदन के लिए 1,120 पंजीकरण शामिल हैं।वहीं, पेंशन और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी सेवाओं के लिए कुल 28,557 पंजीकरण हुए। इनमें वृद्धावस्था पेंशन के लिए सर्वाधिक 19,091, विधवा पेंशन के लिए 1,886 और बिना मूल्य सामाजिक सुरक्षा योजना के लिए 2,385 पंजीकरण दर्ज किए गए। स्वास्थ्य और कल्याण से जुड़ी सेवाओं में 14,884 पंजीकरण हुए। इनमें स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन से संबंधित सेवाओं के लिए 10,740 और आयुष्मान भारत पीएम-जेएवाई के लिए 2,574 पंजीकरण शामिल हैं। इसके अलावा आजीविका, कृषि और कौशल से जुड़ी योजनाओं में 8,919 पंजीकरण दर्ज हुए। पौधे वितरण से संबंधित सेवा के लिए 2,958 और ग्रामीण रोजगार गारंटी कार्ड के लिए 2,231 लोगों ने पंजीकरण कराया। आंकड़ों से स्पष्ट है कि सेवा सेतु के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, नागरिक सेवाओं, रोजगार और आवास से जुड़ी योजनाओं तक लोगों की पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया गया है।

SCROLL FOR NEXT