गेट मीटिंग शामिल चाय श्रमिक  
सिलीगुड़ी

नागेश्वरी चाय बागान में सातवें दिन भी जारी गेट मीटिंग

नागराकाटा: नागेश्वरी चाय बागान में सोमवार को लगातार सातवें दिन भी फैक्ट्री गेट के सामने गेट मीटिंग का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में चाय बागान श्रमिक इस आंदोलन में शामिल हुए। श्रमिकों का आरोप है कि लगातार विरोध प्रदर्शन के बावजूद बागान प्रबंधन उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। पश्चिम बंगाल चाय मजदूर समिति के नेतृत्व में यह आंदोलन बकाया मजदूरी के भुगतान सहित विभिन्न मांगों को लेकर चलाया जा रहा है। सोमवार सुबह लगभग एक घंटे तक फैक्ट्री गेट के सामने गेट मीटिंग की गई, जिसके बाद श्रमिक अपने-अपने कार्यस्थलों पर लौट गए। श्रमिकों की प्रमुख मांगों में बकाया वेतन का भुगतान, भविष्य निधि की राशि जमा करना और निर्धारित समय पर नियमित मजदूरी भुगतान शामिल है। संगठन के नागेश्वरी चाय बागान इकाई के सचिव बंधु उरांव ने कहा कि श्रमिकों को समय पर मजदूरी नहीं मिल रही है, बकाया वेतन लंबित है और पीएफ की राशि भी जमा नहीं की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बागान प्रबंधन नियमों की अनदेखी कर संचालन कर रहा है और समझौते के अनुसार मिलने वाली सुविधाएं भी श्रमिकों को नहीं दी जा रही हैं। वहीं, क्रिश्चियन खरिया ने कहा कि पिछले सात दिनों से लगातार गेट मीटिंग चल रही है, लेकिन प्रबंधन की ओर से अब तक वार्ता की कोई पहल नहीं की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि श्रमिकों की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

SCROLL FOR NEXT