कौशिक कांजीलाल द्वारा गणेश पूजा का आयोजन 
सिलीगुड़ी

गणेश पूजा के साथ जरूरतमंदों की सेवा

11 साल पहले छोटी मूर्ति से शुरू हुई पूजा, अब तीन दिनों तक भंडारा और सेवा कार्य

Gayetri Yadav

सिलीगुड़ी : भारत नगर निवासी कौशिक कांजीलाल पिछले 11 वर्षों से भगवान गणेश की पूजा कर रहे हैं। उनके लिए यह पूजा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि भगवान गणेश के प्रति दोस्ती और विश्वास का प्रतीक भी है। पूजा के साथ जरूरतमंदों की सेवा करना अब उनके परिवार की परंपरा बन चुकी है।

कौशिक कांजीलाल बताते हैं कि वर्ष 2015 में वह अपने जीवन में कई तरह की परेशानियों और समस्याओं से जूझ रहे थे। काफी प्रयासों के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं निकल रहा था और उन्हें लगने लगा था कि जीवन की गति जैसे थम सी गई है। इसी दौरान गणेश चतुर्थी के दिन वह भगवान गणेश की एक छोटी-सी मूर्ति घर लेकर आए और उसकी स्थापना की। उन्होंने भगवान गणेश को अपना दोस्त मानकर उनकी पूजा शुरू की।

उनका कहना है कि इसके बाद धीरे-धीरे उनकी परेशानियां कम होने लगीं और बिगड़े हुए काम भी बनने लगे। इसी विश्वास के साथ उन्होंने हर वर्ष गणेश चतुर्थी पर भगवान गणेश की स्थापना और पूजा शुरू कर दी। इसके साथ ही उन्होंने सामाजिक सेवा के कार्यों को भी पूजा का हिस्सा बना लिया।

वर्ष 2020 से कौशिक कांजीलाल की ओर से गणेश पूजा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। तीन दिनों तक पूजा के दौरान भगवान गणेश को विभिन्न प्रकार के भोग अर्पित किए जाते हैं। साथ ही जरूरतमंद लोगों के बीच आवश्यक सामग्री और बच्चों को शिक्षा से जुड़ी सामग्री वितरित की जाती है। तीनों दिन जरूरतमंदों के लिए भोजन की व्यवस्था की जाती है तथा उनके घर पर भंडारे का भी आयोजन होता है।

कौशिक कांजीलाल का मानना है कि विघ्नहर्ता भगवान गणेश अपने भक्तों की परेशानियों का निवारण करते हैं और सफलता के रास्ते खोलते हैं। इसी आस्था के साथ वह हर वर्ष गणेश पूजा को सामाजिक सेवा से जोड़कर जरूरतमंदों की मदद करने का प्रयास करते हैं।

SCROLL FOR NEXT