सिलीगुड़ी

पश्चिम बंगाल में 7 लाख लाभार्थियों को आवास योजना की दूसरी किस्त जारी

Khodija Khatun (Rabia)

सिलीगुड़ी : पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री आवास योजना की तर्ज पर संचालित पश्चिम बंगाल आवास योजना के तहत 7 लाख लाभार्थियों को आर्थिक सहायता की दूसरी किस्त जारी की गई। इस अवसर पर नवान्न में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें राज्य के विभिन्न जिलों के प्रतिनिधियों और लाभार्थियों ने वर्चुअल माध्यम से हिस्सा लिया।

दार्जिलिंग जिले में इस कार्यक्रम का आयोजन नक्सलबाड़ी में किया गया। यहां राज्य के मंत्री आनंदमय बर्मन, दार्जिलिंग के जिलाधिकारी और एसडीएम सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने आवास योजना के लाभार्थियों को सांकेतिक चेक प्रदान किए।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, दार्जिलिंग जिले के करीब 5 हजार लाभार्थियों के बैंक खातों में दूसरी किस्त की राशि सीधे हस्तांतरित की जाएगी। इस राशि से लाभार्थियों को अपने अधूरे मकानों का निर्माण कार्य पूरा करने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री आनंदमय बर्मन ने कहा कि दूसरी किस्त मिलने से लाभार्थियों को अपने घरों का निर्माण पूरा करने में सहूलियत होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आने वाले दिनों में योजना के लिए अन्य पात्र लाभार्थियों की भी पहचान की जाए, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को इसका लाभ मिल सके।

वहीं, दूसरी किस्त की राशि जारी होने पर लाभार्थियों ने संतोष जताया।

SCROLL FOR NEXT