गेजिंग : पश्चिम सिक्किम के गेजिंग जिला कार्यालय में सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) की ओर से युवा सभा का आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता गेजिंग जिला अध्यक्ष दिपेन गुरूंग ने की।
सभा का आयोजन “सिक्किम और सिक्किमवासियों का भविष्य अंधकारमय होने की स्थिति में युवा समुदाय अब क्या करे?” विषय पर चर्चा के लिए किया गया था। इस दौरान राज्य की वर्तमान राजनीतिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक स्थिति को लेकर वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
एसडीएफ की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, युवा वक्ताओं ने राज्य की मौजूदा स्थिति के लिए सत्तारूढ़ एसकेएम सरकार को जिम्मेदार ठहराया। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार की नीतियों के कारण सिक्किम राजनीतिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक रूप से अस्थिर स्थिति में पहुंच गया है।
सभा में सिक्किम और सिक्किमवासियों के अधिकारों तथा राज्य की विशेष पहचान की रक्षा के लिए युवाओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। साथ ही एसडीएफ के नेतृत्व में संगठित होकर राजनीतिक जिम्मेदारी निभाने तथा पूर्व मुख्यमंत्री पवन चामलिंग के नेतृत्व में एकजुट होने की आवश्यकता पर भी वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
कार्यक्रम का संचालन एसडीएफ की उपाध्यक्ष एवं चेली मोर्चा प्रभारी मुनाहाङमा लिम्बू ने किया। सभा को युवा वक्ताओं बुद्धहाङ लिम्बू, अविनाश लिम्बू, अनिस लिम्बू, आषिश पौड्याल, विशाल सामपाङ, कर्मा ओङचुक लेप्चा तथा गेजिंग जिला अध्यक्ष दिपेन गुरूंग ने संबोधित किया।
इस अवसर पर एसडीएफ केंद्रीय समिति के महासचिव एवं युवा मोर्चा प्रभारी विशाल सामपाङ तथा केंद्रीय कार्यकारिणी समिति के उपाध्यक्ष एवं गेजिंग जिला संगठन प्रभारी कर्मा ओङचुक लेप्चा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय युवा उपस्थित रहे।