सिलीगुड़ी

पश्चिम पांडाम क्षेत्र में एसडीएफ टीम का सामाजिक दौरा

स्थानीय लोगों ने सरकार के प्रति जताया असंतोष : एसडीएफ

Abhijit Dey

सन्मार्ग संवाददाता

पाक्योंग : सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) मुख्यालय की एक टीम ने गुरुवार को पाक्योंग जिले के पश्चिम पांडाम क्षेत्र के विभिन्न गांवों का सामाजिक दौरा किया। पार्टी के अनुसार, इस दौरान टीम ने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर क्षेत्र की सामाजिक एवं आर्थिक समस्याओं की जानकारी ली।

एसडीएफ की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में दावा किया गया कि स्थानीय लोगों ने वर्ष 2019 और 2024 के विधानसभा चुनावों के बाद क्षेत्र में उत्पन्न समस्याओं और आर्थिक कठिनाइयों को लेकर अपनी चिंताएं टीम के समक्ष रखीं। स्थानीय लोगों ने कथित तौर पर कहा कि सरकार द्वारा बड़े बजट और विकास कार्यों की बात किए जाने के बावजूद उन्हें जमीनी स्तर पर अपेक्षित विकास दिखाई नहीं दे रहा है।

पार्टी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, परिवहन, प्रशासन और बुनियादी ढांचे के क्षेत्रों में नए कार्यों की कमी का आरोप लगाया। उन्होंने पुराने बुनियादी ढांचे के रखरखाव को लेकर भी असंतोष व्यक्त किया।

प्रेस विज्ञप्ति में स्थानीय लोगों के हवाले से यह भी आरोप लगाया गया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में सरकार की आलोचना करने के लिए पहले जैसी स्वतंत्रता नहीं है। उन्होंने सरकार और जनता के बीच संबंधों को लेकर भी असंतोष व्यक्त करते हुए इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के बजाय सत्ता-केंद्रित व्यवस्था बताया।

एसडीएफ ने दावा किया कि स्थानीय लोगों ने चुनाव से पहले किए गए वादों को पूरा नहीं किए जाने पर भी नाराजगी जताई और आगामी चुनाव में सरकार बदलने की इच्छा व्यक्त की। पार्टी के अनुसार, ग्रामीणों ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं एसडीएफ अध्यक्ष पवन चामलिंग के नेतृत्व वाली सरकार को याद करते हुए आगामी चुनाव में एसडीएफ को समर्थन देने की बात कही। एसडीएफ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (प्रचार-प्रसार) अम्बर राई के नाम से जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि पार्टी के सामाजिक दौरे का उद्देश्य स्थानीय जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को समझना था।

SCROLL FOR NEXT