गंगटोक : सिक्किम सरकार ने राज्य के संरक्षित, प्रतिबंधित एवं अन्य विनियमित क्षेत्रों में प्रवेश परमिट और वाहनों की आवाजाही को लेकर संशोधित दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नए नियमों के तहत निर्धारित संरक्षित वन क्षेत्रों में प्रवेश करने वाले पर्यटक वाहनों के लिए नई शुल्क व्यवस्था लागू की गई है, जो 1 जनवरी 2027 से प्रभावी होगी।
गृह विभाग द्वारा 23 नवंबर 2026 को अधिसूचना संख्या 127/होम/2026 जारी की गई। मुख्य सचिव आर. तेलंग की ओर से हस्ताक्षरित इस अधिसूचना में परमिट जारी करने की प्रक्रिया, संबंधित विभागों की जिम्मेदारियों और विभिन्न श्रेणियों के वाहनों के लिए प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया है।
संशोधित व्यवस्था के तहत गृह विभाग परमिट प्रणाली का नोडल विभाग होगा। पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग पर्यटकों के परमिट जारी करने की प्रक्रिया संभालेगा, जबकि वीआईपी और आधिकारिक परमिट गृह विभाग द्वारा जारी किए जाएंगे। सेना अपने वाहनों और अतिथियों के लिए परमिट की व्यवस्था स्वयं करेगी।
नई शुल्क व्यवस्था गंगटोक और पाक्योंग वन प्रभाग के अंतर्गत आने वाले संरक्षित वन क्षेत्रों में लागू होगी। इसमें नाथुला-छांगू झील-बाबा मंदिर-जुलुक-लिंगताम मार्ग शामिल है। इसके अलावा मंगन जिले में संकालांग-तुङ और फेदाङ चेकपोस्ट से आगे के क्षेत्रों में भी संशोधित शुल्क लागू होगा।
अधिसूचना के अनुसार, 1,000 सीसी से अधिक इंजन क्षमता और पांच सीटों वाले चारपहिया वाहनों के लिए गंगटोक-पाक्योंग क्षेत्र में 1,500 रुपये तथा मंगन क्षेत्र में 1,200 रुपये प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया है।
इसी प्रकार, छह से 10 सीटों वाले वाहनों के लिए क्रमशः 2,500 रुपये और 1,500 रुपये शुल्क देना होगा। 11 से 15 सीटों वाले फोर्स एवं टेम्पो ट्रैवलर वाहनों के लिए गंगटोक-पाक्योंग में 4,500 रुपये तथा मंगन में 2,500 रुपये निर्धारित किए गए हैं।
16 से 20 सीटों वाली बसों के लिए प्रवेश शुल्क क्रमशः 6,500 रुपये और 3,500 रुपये होगा। वहीं, 21 से 30 यात्रियों की क्षमता वाली बसों के लिए गंगटोक-पाक्योंग में 7,500 रुपये तथा मंगन में 5,500 रुपये शुल्क लगेगा। 30 से अधिक सीटों वाले वाहनों के लिए यह शुल्क क्रमशः 10,000 रुपये और 7,500 रुपये निर्धारित किया गया है।
निजी मोटरसाइकिलों के लिए 750 रुपये तथा पीछे बैठने वाले यात्री के लिए अतिरिक्त 350 रुपये शुल्क देना होगा। वहीं, सिक्किम पंजीकृत स्थानीय टैक्सी बाइक के लिए 350 रुपये और पीछे बैठने वाले यात्री के लिए 250 रुपये अतिरिक्त शुल्क निर्धारित किया गया है।
हालांकि, सिक्किम सब्जेक्ट सर्टिफिकेट, पहचान प्रमाणपत्र (सीओआई), आवासीय प्रमाणपत्र अथवा मतदाता पहचान पत्र रखने वाले सिक्किम के निवासियों को प्रवेश शुल्क से छूट दी गई है। संरक्षित और प्रतिबंधित क्षेत्रों के पात्र स्थानीय निवासियों को वार्षिक निःशुल्क परमिट भी प्रदान किए जाएंगे।
अधिसूचना में जोंगू क्षेत्र को लेकर भी विशेष प्रावधान किया गया है। संकालांग और फेदाङ मार्ग से होमस्टे या पर्यटन के उद्देश्य से जोंगू जाने वाले पर्यटकों को ऑनलाइन परमिट लेना अनिवार्य होगा। हालांकि, इसके लिए किसी प्रकार का परमिट शुल्क या सेवा शुल्क नहीं देना होगा। इन मार्गों से गेस्ट हाउस जाने वाले तथा आधिकारिक कार्यों से आने-जाने वाले लोगों को भी शुल्क से छूट दी गई है।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित प्रवेश परमिट वाले क्षेत्रों में कोई भी एजेंसी, सरकारी विभाग अथवा ग्राम पंचायत इकाई अतिरिक्त शुल्क वसूल नहीं कर सकेगी।
150 सीसी से अधिक इंजन क्षमता वाली निजी मोटरसाइकिलों को परमिट केवल आवेदन के आधार पर और वाहन के पंजीकृत मालिक के नाम पर ही जारी किया जाएगा।
इस बीच, सिक्किम और पश्चिम बंगाल के बीच मौजूदा पारस्परिक समझौतों के तहत संचालित वाणिज्यिक यात्री वाहनों की व्यवस्था पहले की तरह जारी रहेगी। नए दिशा-निर्देशों के तहत ऐसे वाहनों पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लगाया गया है।
सरकार के अनुसार, संशोधित दिशा-निर्देशों का उद्देश्य संवेदनशील एवं प्रतिबंधित क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करना, परमिट प्रणाली को सुव्यवस्थित करना तथा प्रवेश शुल्क और छूट से संबंधित प्रावधानों में स्पष्टता लाना है।