सिलीगुड़ी : सैलेशियन कॉलेज (स्वायत्त), सिलीगुड़ी की ओर से अपने कैंपस में अंतर-विद्यालय विज्ञान महोत्सव 'ईकॉमफिमैथिक्स-2025' का आयोजन बीते शुक्रवार को किया गया। इस 11वें वार्षिक अंतर-विद्यालय विज्ञान महोत्सव में उत्तर बंगाल के 10 स्कूलों के 447 विद्यार्थियों ने भाग लिया। उन्होंने पांच स्थानों पर 13 प्रतियोगिताओं में अपनी वैज्ञानिक और तकनीकी क्षमताओं का प्रदर्शन किया। उनमें प्रतिस्पर्धी कोडिंग व क्विज से लेकर रचनात्मक कला तक सब कुछ शामिल थे। उक्त कॉलेज के अर्थशास्त्र, बीसीए, कंप्यूटर विज्ञान, भौतिकी और गणित विभागों के विद्यार्थियों द्वारा प्रबंधित इस महोत्सव का शुभारंभ रेक्टर फादर टॉमी अगस्टिन व प्राचार्य फादर डॉ. बाबू जोसेफ ने किया। इसमें भाग लेने वाले स्कूलों में डॉन बॉस्को स्कूल (सिलीगुड़ी), डॉन बॉस्को स्कूल (मिरिक), संत जोसेफ स्कूल (भक्तिनगर), संत जेवियर्स स्कूल (सिलीगुड़ी), दार्जिलिंग पब्लिक स्कूल (फूलबाड़ी), निर्मला कॉन्वेंट स्कूल (सिलीगुड़ी), ऑग्जिलियम कॉण्वेंट (न्यू चुमटा), महबर्ट स्कूल (सिलीगुड़ी), जर्मल्स एकेडमी (सिलीगुड़ी) और सीजर्स स्कूल (माल बाजार) के 23 शिक्षकों के नेतृत्व में 447 विद्यार्थी शामिल रहे। इसमें समग्र रूप में निर्मला कॉन्वेंट स्कूल (सिलीगुड़ी) की टीम ने प्रथम, डॉन बॉस्को स्कूल (सिलीगुड़ी) ने द्वितीय एवं संत जोसेफ स्कूल (भक्तिनगर) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस उत्सव के आयोजन में सैलेशियन कॉलेज (स्वायत्त), सिलीगुड़ी के विज्ञान संकाय के उप-प्राचार्य फादर सीएम पॉल की सक्रिय भूमिका रही।