सिलीगुड़ी : वेतन बढ़ोतरी और समय पर भुगतान समेत कई मांगों को लेकर सीटू के दार्जिलिंग जिला कमेटी ने नगर निगम का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। गुरुवार को बाघाजतीन पार्क से विभिन्न वार्डों के सफाई कर्मियों, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट कर्मचारियों, निर्मल साथी और निर्मल बंधुओं को साथ लेकर सीटू नेताओं ने रैली निकाली। रैली नगर निगम के सामने पहुंचने के बाद प्रदर्शन में तब्दील हो गई।प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम के गेट के सामने धरना देते हुए अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की। उनका आरोप है कि लंबे समय से वेतन में किसी तरह की बढ़ोतरी नहीं हुई है।वहीं, साल के लगभग 365 दिन काम करने के बावजूद उन्हें निर्धारित समय पर वेतन नहीं मिलता। सीटू की ओर से सभी अस्थायी सफाई कर्मियों के वेतन में तत्काल बढ़ोतरी और हर महीने समय पर वेतन देने की मांग की गई। बाद में सीटू का एक प्रतिनिधिमंडल नगर निगम कार्यालय पहुंचा और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पूर्व CPI(M) पार्षद शरदिंदु चक्रवर्ती ने आरोप लगाया कि सफाई कर्मियों और निर्मल साथियों को उपस्थिति दर्ज कराने के लिए मोबाइल से वीडियो बनाकर भेजने के लिए कहा जाता है। उनका कहना है कि महज 6 से 7 हजार रुपये मासिक वेतन में परिवार चलाने के साथ मोबाइल खरीदना भी कर्मचारियों के लिए मुश्किल है। उन्होंने महीने की शुरुआत में ही वेतन भुगतान की मांग की। CITU नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर हड़ताल का रास्ता अपनाने की भी चेतावनी दी गई।