इलाके का निरीक्षण करते जलपाईगुड़ी नगरपालिका के चेयरमैन सैकत चट्टोपाध्याय  
सिलीगुड़ी

सैकत चट्टोपाध्याय ने जलजमाव से प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया

जलपाईगुड़ी: लगातार हो रही बारिश के कारण जलपाईगुड़ी नगरपालिका के वार्ड संख्या 20 और 21 के कई इलाकों में जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। सड़कों से लेकर कई घरों तक पानी भर जाने से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जलनिकासी नहीं होने के कारण सड़कों और घरों में भरा पानी अब दुर्गंध फैलाने लगा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार पार्षद को शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। स्थिति की जानकारी मिलने पर जलपाईगुड़ी नगरपालिका के चेयरमैन सैकत चट्टोपाध्याय प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने जलभराव का जायजा लेने के बाद कहा कि लोगों की परेशानी गंभीर है और इस स्थिति में रहना तथा आवागमन करना बेहद कठिन है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अगले दिन नगर पालिका के इंजीनियर पूरे क्षेत्र का निरीक्षण करेंगे और समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। साथ ही फिलहाल नालियों की सफाई कर जलनिकासी की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

लोगों का आरोप: चुनाव के समय प्रतिनिधि आते हैं, लेकिन संकट में गायब रहते हैं

चेयरमैन के निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने वार्ड 21 के पार्षद तारक नाथ दास के प्रति नाराजगी भी जताई। लोगों ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय तो जनप्रतिनिधि आते हैं, लेकिन संकट के समय कोई उनकी सुध नहीं लेता।

इस पर पार्षद तारक नाथ दास ने कहा कि वह कुछ समय से अस्वस्थ थे। उन्होंने बताया कि दोनों वार्डों की जलनिकासी समस्या के समाधान के लिए हाई ड्रेन निर्माण का प्रस्ताव संबंधित विभाग और नगरपालिका को भेजा गया है। यदि यह परियोजना पूरी हो जाती तो वर्तमान स्थिति उत्पन्न नहीं होती। निरीक्षण के दौरान दोनों वार्डों के लोगों के बीच जलनिकासी को लेकर बहस भी हुई। अंत में चेयरमैन ने इंजीनियरों से निरीक्षण कराने तथा प्राथमिकता के आधार पर नालियों की सफाई कर जलनिकासी व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया।

SCROLL FOR NEXT