सिलीगुड़ी : साइबर ठगी के एक मामले की जांच के दौरान सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस ने 19 वर्षीय युवती को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवती की पहचान मनीषा मंडल के रूप में हुई है। वह दार्जिलिंग जिले के खोरीबाड़ी की रहने वाली है। प्रधाननगर थाने की पुलिस ने ऑपरेशन साइबर प्रहार के तहत उसे खोरीबाड़ी थाना क्षेत्र के बातासिया बस स्टैंड से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, साइबर ठगी से जुड़े एक संदिग्ध वित्तीय लेनदेन की जानकारी मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान पता चला कि मनीषा मंडल के इंडसइंड बैंक खाते में कुल 91 लाख 21 हजार 808 रुपये जमा हुए थे। पुलिस को संदेह है कि यह रकम साइबर ठगी से जुड़े लेनदेन का हिस्सा हो सकती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस संदिग्ध लेनदेन के स्रोत और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से जारी जानकारी में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि उक्त राशि कितने लेनदेन के जरिए खाते में जमा हुई थी या इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आई है या नहीं।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।